संदेशखाली में पूर्व TMC विधायक की कार से हादसा, ई-रिक्शा सवार दो लोगों की मौत
संदेशखाली में पूर्व तृणमूल विधायक सुकुमार महाता की कार और ई-रिक्शा की टक्कर से हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए।

संदेशखाली में पूर्व विधायक की कार दुर्घटनाग्रस्त (सांकेतिक तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में बुधवार को पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक सुकुमार महाता की कार एक ई-रिक्शा से टकराने के बाद सड़क से उतरकर तालाब में जा गिरी।
हादसे में ई-रिक्शा सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के समय महाता कार में मौजूद नहीं थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कार पहले ई-रिक्शा से टकराई और फिर तालाब में जा गिरी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ई-रिक्शा से टक्कर के बाद कार चालक ने वाहन पर से नियंत्रण कैसे खो दिया। महाता ने दावा किया कि सड़क पर दो ई-रिक्शा आपस में रेस लगा रहे थे।
इसी दौरान टक्कर हुई, जिसके प्रभाव से कार तालाब में जा गिरी और ई-रिक्शा सड़क पर दूसरी ओर जा गिरा। पूर्व विधायक ने मृतकों के स्वजन के प्रति संवेदना जताते हुए प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने की बात कही।
महाता 2021 के विधानसभा चुनाव में एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जीतकर संदेशखाली में प्रमुख तृणमूल नेता के रूप में उभरे थे।
2024 में शेख शाहजहां मामले की पुलिस जांच के दौरान भी उनका नाम चर्चा में आया था। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें 2026 के विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार नहीं बनाया था।
