'राम मंदिर का निर्माण कोई नहीं रोक सकता'
अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कोई नहीं रोक सकता। राम जन्मभूमि पर राम मंदिर जरूर बनेगा।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कोई नहीं रोक सकता। राम जन्मभूमि पर राम मंदिर जरूर बनेगा। विराट हिंदू सम्मेलन को संबोधित करने महानगर पहुंची भारतभूषण साध्वी सरस्वती ने ये बातें कहीं। उन्होंने शनिवार को शहीद मीनार मैदान में हिंदू जागरण मंच, दक्षिण बंग द्वारा आयोजित इस सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा-'अभी अवसर है। केंद्र सरकार को राम मंदिर के निर्माण के लिए अध्यादेश लाना चाहिए क्योंकि राम मंदिर के निर्माण का आश्वासन देकर ही भाजपा केंद्र की सत्ता में पहुंची थी।' उन्होंने राम मंदिर संबंधी फैसला आने में विलंब होने पर न्यायपालिका पर भी सवाल उठाया और पश्चिम बंगाल में हज हाउस की तरह गंगासागर हाउस बनाने की माग की। साध्वी ने कहा कि बंगाल में घुसपैठ बंद कर राज्य के मानचित्र को भगवा रंग में बदलना होगा। उन्होंने देश और समाज की रक्षा के लिए अस्त्र-शस्त्र रखने पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को श्रृंगार में श्रृंगार अस्त्र को भी जोड़ना होगा। साध्वी ने कहा-'हमारे देवी-देवताओं ने अस्त्र, शस्त्र से प्रहार कर अत्याचारियों का वध किया था। मां दुर्गा ने त्रिशूल से महिषासुर का वध किया था और बंगाल में जो महिषासुर अत्याचार कर रहे हैं, उनका भी मां दुर्गा वध करेंगी।' साध्वी ने आरोप लगाया कि बंगाल में लाखों में नहीं बल्कि करोड़ों में घुसपैठिए हैं, लेकिन यहां की सरकार इस गंभीर मसले पर ध्यान नहीं दे रही हैं। उन्होंने बंगाल को 'मिनी पाकिस्तान' तक कह डाला। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते साध्वी ने कहा कि नाम ममता है पर दिल में थोड़ी सी भी ममता नहीं है। भाईचारा पर उन्होंने कहा कि भारत में रहना है तो रहीम-रसखान की तरह रहना होगा। सम्मेलन के दौरान 'जय श्रीराम, भारत माता की जय' से शहीद मैदान गूंज उठा। विभिन्न जिलों से लोग हिंदू सम्मेलन में पहुंचे थे। डॉ. सुमन कुमार ने भी हिंदुओं को जागृत होने का आह्वान किया। इस मौके पर हिंदू जागरण मंच, दक्षिण बंगाल के सह प्रचार प्रमुख विवेक सिंह, मंच के दक्षिण प्रांत अध्यक्ष आशुतोष मंडल, विधि प्रमुख स्वरुप दत्ता, शर्मिष्ठा दास व सतीश सिंह सहित अन्य मौजूद थे।