कोलकाता के न्यूटाउन में RSS का नया कार्यालय तैयार, 26 सितंबर को होगा उद्घाटन
कोलकाता में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का नया पांच मंजिला कार्यालय 'केशव स्मृति' न्यूटाउन के एक्शन एरिया-2डी में तैयार हो गया है।

कोलकाता के न्यूटाउन में होगा RSS का नया दफ्तर (तस्वीर-सोशल मीडिया)
HighLights
न्यूटाउन में आरएसएस का नया कार्यालय 'केशव स्मृति' तैयार।
26 सितंबर को दत्तात्रेय होसबोले करेंगे उद्घाटन।
बढ़ते संगठनात्मक कार्य के लिए अधिक स्थान की आवश्यकता।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संगठनात्मक काम का दायरा बढ़ने के साथ उत्तर कोलकाता स्थित केशव भवन छोटा पड़ने लगा है।
जगह की कमी को देखते हुए न्यूटाउन के एक्शन एरिया-2डी में संघ का नया दफ्तर तैयार किया गया है। पांच मंजिला इस भवन का उद्घाटन 26 सितंबर को आरएसएस के सरकार्यवाह (सर्वभारतीय महासचिव) दत्तात्रेय होसबोले करेंगे।
अभेदानंद रोड स्थित केशव भवन से अब तक दक्षिण बंगाल के साथ पूरे बंगाल और ओडिशा को मिलाकर पूर्व भारत क्षेत्र का काम संचालित होता था। संगठन की नियमित गतिविधियों के अलावा महत्वपूर्ण पदाधिकारी और देशभर से आने वाले वरिष्ठ नेता भी यहां ठहरते थे। इससे कार्यालयीन काम के साथ आवास की व्यवस्था में भी जगह की कमी महसूस होने लगी थी।
नए भवन का नाम रखा गया ‘केशव स्मृति’
नए भवन का नाम ‘केशव स्मृति’ रखा गया है। इसका निर्माण ‘डा. हेडगेवार स्मारक समिति’ ने कराया है। 2025 में आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने के बाद ‘पंच परिवर्तन’ के तहत कई सामाजिक कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। इन गतिविधियों के विस्तार के कारण पहले की तुलना में अधिक स्थान की जरूरत महसूस हुई। नए दफ्तर से यह समस्या दूर होने की उम्मीद है। न्यूटाउन में नया दफ्तर होने से विमान से आने वाले राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों के लिए पहुंचना आसान होगा।
