राजनीतिक उद्देश्य से फैलाई जा रहीं अफवाहें : ममता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य में राजनीतिक उद्देश्य से अफवाहें फैलाई जा रही हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य में राजनीतिक उद्देश्य से अफवाहें फैलाई जा रही हैं। भाजपा और आरएसएस के लोग अफवाहें फैलाकर शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सरकारी परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए हुगली के तारकेश्वर में शुक्रवार को आयोजित एक समारोह में ये आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वह राज्य में किसी को दंगा लगाने और मतभेद पैदा करने की छूट नहीं देंगी। जो लोग धर्म की राजनीति करते हैं, वे असल में धर्म के मर्म को नहीं समझते। गेरुआ वस्त्र धारण कर कुछ लोग धर्म को बदनाम कर रहे हैं। स्वामी विवेकानंद और रामकृष्ण परमहंस के मानने वाले भी गेरुआ पहनते हैं और उनका उद्देश्य समाज में शांति लाना और ज्ञान फैलाना है। आज कुछ लोग गेरुआ पहनकर समाज को बांट रहे हैं और लोगों के बीच मतभेद पैदा कर रहे हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पास पुख्ता खबर है कि राज्य के विभिन्न भागों में कुछ लोगों को बुर्का पहनाकर उतारा गया है। ऐसे नकाबपोश लोगों के कारण बच्चा चोर की अफवाहें फैल रही हैं। लोगों में आतंक फैल रहा है और कहीं-कहीं अप्रिय घटनाएं भी हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने आम लोगों से इस तरह की किसी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि जिस किसी को भी कहीं इस तरह की अफवाह सुनने को मिले, उन्हें तुरंत स्थानीय थाने में शिकायत करनी चाहिए। किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि कश्मीर में शहीद जवानों पर भी राजनीति शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि जवानों की सुरक्षा की पहले से व्यवस्था की गई होती तो उन्हें जान नहीं गंवानी पड़ती। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के मंच से कई सरकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने तारकेश्वर के कार्यक्रम से ही रिमोट कंट्रोल से अलीपुर के नवनिर्मित फुटब्रिज का उद्घाटन किया।