भारत ने भूटान में बनाई सीमा से थिंपू को जोड़ने वाली सड़क
भारत ने भूटान में रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सीमावर्ती शहर फूएंटशोलिंग से राजधानी थिंपू को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण पूरा कर लिया है।
कोलकाता, जेएनएन। भारत ने भूटान में रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सीमावर्ती शहर फूएंटशोलिंग से राजधानी थिंपू को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण पूरा कर लिया है। दुर्गम पठारी इलाके में बनी इस सड़क की लंबाई 30 किलोमीटर है। सड़क का निर्माण भारत के सीमा सड़क संगठन ने किया है और इस पर 287 करोड़ रुपये की लागत आई है।
सड़क का उद्घाटन करते हुए भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने इसे भारत के साथ दोस्ती की शानदार मिसाल बताया। सड़क का निर्माण भारत की सहायता से संचालित होने वाले भूटान के विकास कार्यक्रम के तहत किया गया है।
इस कार्यक्रम के तहत भूटान में बुनियादी सुविधाएं विकसित करने वाली कई अन्य परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, इनमें ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाएं भी शामिल हैं। ऐसा भूटान के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया गया है।
भारत के लिए सामरिक दृष्टि से भूटान का बड़ा महत्व है। 2017 में भूटान की जमीन पर कब्जा करके भारत पर दबाव बनाने की चीन ने जो कोशिश की थी, उसे रोकने के भारतीय प्रयास में ही डोकलाम विवाद हुआ था।