बंगाल का चप्पा-चप्पा मांग रहा सुरक्षा : स्मृति
आज पश्चिम बंगाल के हालात किसी से छिपे नहीं हैं। अजीत मुर्मू की मृत्यु की घटना राज्य की कानून-व्यवस्था के बारे में चीख-चीख कर बता रही है।
कहा-अजीत मुर्मू की मृत्यु की घटना चीख-चीख कर बयां कर रही राज्य की कानून-व्यवस्था
-स्थिति नियंत्रित करने में तृणमूल सरकार विफल
जागरण संवाददाता, कोलकाता : आज पश्चिम बंगाल के हालात किसी से छिपे नहीं हैं। अजीत मुर्मू की मृत्यु की घटना राज्य की कानून-व्यवस्था के बारे में चीख-चीख कर बता रही है। इससे पता चलता है कि तृणमूल सरकार स्थिति को नियंत्रित करने में विफल है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने ये बातें कहीं। वे शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। वे इस दिन भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर यहां पहुंची थीं। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि आज बंगाल का चप्पा-चप्पा सुरक्षा की मांग कर रहा है। पंचायत चुनाव के उम्मीदवार नामांकन तक नहीं कर पा रहे हैं। आसनसोल की घटना का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब राज्य में पुलिस अधिकारी ही सुरक्षित नहीं है तो जनता का क्या हाल होगा। ईरानी ने आरोप लगाया कि बंगाल में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। स्थिति को नियंत्रित करने में तृणमूल सरकार विफल है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जब खून बहता है तो बहता हिंदुस्तानी का है। फेक न्यूज के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कुछ स्पष्ट बोलने इन्कार कर दिया। उन्होंने कहा कि वे यहां एक भाजपा कार्यकर्ता के तौर पर आई हैं न कि केंद्रीय मंत्री के तौर पर। उन्होंने अजीत मुर्मू के घर गए भाजपा प्रतिनिधिमंडल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। केंद्रीय मंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बंगाल में हो रही हिंसा की घटनाओं पर चिंता जताई। मौके पर भाजपा नेता मुकुल राय ने भी बंगाल में लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने राज्य चुनाव आयोग से नामांकन सुनिश्चित करने की मांग की। राय ने तृणमूल सरकार पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाया। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा भी मौके पर मौजूद थे।