छात्रा से दुर्व्यवहार के विरोध में सभा, भाजपा पर निशाना
- भाजपा के खिलाफ एकजुट हुए पाटुली निवासियों ने दी आंदोलन की चेतावनी - कहा सीएए-एनआरसी के
- भाजपा के खिलाफ एकजुट हुए पाटुली निवासियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
- कहा, सीएए-एनआरसी के खिलाफ उठने वाली आवाज को दबाना चाहती है भाजपा जागरण संवाददाता, कोलकाता : भाजपा के अभिनंदन यात्रा के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष व पार्टी समर्थकों द्वारा पाटुली की स्थानीय युवती के साथ दुर्व्यवहार के विरोध में सोमवार को क्षेत्र के निवासियों ने पाटूली बाईपास स्थित फायर स्टेशन के सामने सभा कर अपना रोष व्यक्त किया। वहीं आसपास के इलाकों से सभा में शामिल होने को आए लोगों ने भी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के बयान की निंदा करते हुए उनके खिलाफ मोर्चा खोलने की बात कही। साथ ही केंद्र की मोदी सरकार के सीएए, एनआरसी और एनपीआर के फैसले को गलत बताते हुए इसे देश बांटने की नीति करार दिया। इधर, ह्यूमेन ऑफ पाटुली नामक संगठन द्वारा प्रेषित एक पत्र में कहा गया कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देश भर में हो रहे विरोध को केंद्र की मोदी सरकार दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन इससे डरने की कोई जरूरत नहीं है। जामिया, जेएनयू और अलीगढ़ के छात्रों पर हमले किए जा रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष यहां की बेटियों को लेकर विवादित बयान देते हैं और मोदी बेटियों की रक्षा की बात करते हैं। इस पार्टी के नेता, मंत्रियों की बात में कोई मेल नहीं है। हम किसी भी बेटी को भाजपा के हाथों अपमानित नहीं होने देंगे और अगर आगे ऐसा कुछ होता है तो इसका पुरजोर तरीके से विरोध ही नहीं, बल्कि आंदोलन को अग्रसर होंगे। दरअसल, गत गुरुवार को दक्षिण कोलकाता के पाटूली से बाघाजतिन तक निकले भाजपा के अभिनंदन यात्रा के विरोध को सामने आई संस्कृत कॉलेज की छात्रा सुदेशना दत्तागुप्ता को पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा अपमानित किया गया था। वहीं जब उक्त मसले पर दिलीप घोष से सावल किए जाने पर उन्होंने विवादित बयान दिया था। हालांकि, खुद के साथ हुए गलत बर्ताव के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष को जिम्मेदार ठहराते हुए युवती ने थाने पहुंच उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।