राहुल गांधी ने बंगाल में वामदलों के साथ गठबंधन को किया खारिज, कहा- पार्टी अकेले लड़ेगी चुनाव
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बंगाल में वामदलों के साथ गठबंधन को खारिज कर दिया है। विभिन्न राज्यों में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए बंगाल के पार्टी नेताओं से उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले ही बहुत गठबंधन कर चुकी है।
कोलकाता, जेएनन। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा पर है। पदयात्रा वर्तमान में राजस्थान के कोटा में है। इस बीच उन्होंने बंगाल में वामदलों के साथ गठबंधन को खारिज कर दिया है। विभिन्न राज्यों में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए बंगाल के पार्टी नेताओं से उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले ही बहुत गठबंधन कर चुकी है। पार्टी को अब अकेले ही लड़ने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने इसके लिए संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
कांग्रेस की वामदलों से दूरी के संकेत
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी बंगाल में पार्टी की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए बंगाल आने की बात भी कही है। बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के वाद वाममोर्चा जिस तरह से सड़क पर उतरकर अकेले लड़ाई कर रही है, राहुल गांधी ने उसकी प्रशंसा की है और कांग्रेस को भी अपने दम पर चुनाव लड़ते देखने की बात कही है। मालूम हो कि बंगाल में भारत जोड़ो यात्रा 28 दिसंबर से शुरू होगी। राज्य में पदयात्रा गंगासागर से शुरू होकर दार्जिलिंग तक जाएगी।
पदयात्रा में वाममोर्चा के शामिल होने पर संदेह
जानकारी के मुताबिक, बंगाल कांग्रेस के कुछ नेता भारत जोडो यात्रा में वाममोर्चा को भी शामिल करना चाहते थे लेकिन राहुल गांधी की बातों से साफ है कि वे इसके पक्ष में दिखाई नहीं दे रहे हैं। इस बारे में जब वाममोर्चा की अगुआई करने वाली माकपा के बंगाल सचिव मोहम्मद सलीम से पूछा गया था तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तरफ से अनुरोध मिलने पर इस बारे में सोचा जाएगा।
बंगाल में गठबंधन के बाद भी मिली थी हार
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रदीप भट्टाचार्य को वाममोर्चा से बातचीत करने की जिम्मेदारी दी जा सकती है लेकिन राहुल गांधी के रूख को देखते हुए इसकी संभावना अब न के बराबर दिख रही है। गौरतलब है कि कांग्रेस व वाममोर्चा ने बंगाल में पिछला विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ा था। हालांकि एक साथ चुनाव लड़ने के बाद भी पार्टियां एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं हो सकी।
यह भी पढ़ें- WHO की रिपोर्टः इंटरनेट के जरिए बच्चों का यौन शोषण करने वालों में ज्यादातर उनके परिचित, जानिए बचाव के उपाय
यह भी पढ़ें- Fact Check: पीएम मोदी और उनकी मां की एडिटेड फोटो वायरल, जशोदाबेन नहीं थीं वहां पर