West Bengal : फ्लाइट में गूंजी किलकारी, कोलकाता में करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
फिर एक बार फ्लाइट में किलकारी गूंजी। थाईलैंड की रहने वाली एक महिला ने कतर एयरवेज की फ्लाइट में बच्चे को जन्म दिया जिसके बाद कोलकाता में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। फिर एक बार फ्लाइट में किलकारी गूंजी। थाईलैंड की रहने वाली एक महिला ने कतर एयरवेज की फ्लाइट में बच्चे को जन्म दिया जिसके बाद कोलकाता में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। महिला को बच्चे के साथ अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। हुआ यूं कि ओमान से दोहा जा रही फ्लाइट में थाईलैंड की रहने वाली एक 23 वर्षीय महिला ने बच्चे को जन्म दिया। इस वजह से मंगलवार सुबह 3.15 बजे फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इसके बाद महिला और उसके बच्चे को कोलकाता के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
प्रसव के लिए करानी पड़ी थी फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग
जानकारी हो कि चौदह मई 2019 में भी प्रसव पीड़ा की आपातकालीन सूचना के बाद हैदराबाद स्थित हवाईअड्डे पर एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट की आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी थी। लैंडिंग के बाद चिकित्सकों के एक दल ने विमान के भीतर महिला का सुरक्षित प्रसव कराया था।
अपोलो हॉस्पिटल ने बताया था कि भारत होकर मनीला जा रही अंतरराष्ट्रीय उड़ान की आठ मई को आपातकालीन लैंडिंग कराई गई थी। इससे पहले हॉस्पिटल को महिला के प्रसव पीड़ा के बारे में जानकारी दे दी गई थी। सभी सुरक्षा जांच के बाद चिकित्सकों की टीम विमान में पहुंची और महिला का सुरक्षित प्रसव कराया थी। बच्ची की किलकारी विमान में गूंज उठी थी।
अस्पताल ने कहा थाा कि प्रसव के बाद गर्भनाल को वैसे ही छोड़ना पड़ा, क्योंकि सर्जरी ब्लेड को विमान में नहीं ले जाया जा सकता था। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा की हालत नाजुक थी, इसलिए उन्हें आगे के इलाज के लिए शहर के अपोलो क्रैडल अस्पताल ले जाया गया था। वहां गर्भनाल को काटकर सुरक्षित अलग कर दिया गया । उसके बाद जच्चा व बच्चा को सुरक्षित आगे की यात्रा के लिए भेजा था ।