बंगाल: पूजा देखकर लौट रहे पंचायत समिति अध्यक्ष की सड़क हादसे में मौत, पत्नी और बच्चे गंभीर रूप से घायल
पुरुलिया में दुर्गापूजा से लौटते समय हुए भीषण सड़क हादसे में आड़सा पंचायत समिति के अध्यक्ष विश्वरूप माझी का निधन हो गया।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जेएनएन, पुरुलिया। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में दुर्गापूजा की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक भीषण सड़क हादसे में आड़सा पंचायत समिति के अध्यक्ष विश्वरूप माझी की मौत हो गई।
हादसे में उनकी पत्नी, बड़े बेटे और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए टाटा के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है।
घटना सोमवार, 19 अक्टूबर की रात करीब साढ़े दस बजे की है। स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, विश्वरूप माझी अपने परिवार के साथ पुरुलिया शहर में दुर्गापूजा घूमने के बाद कार से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान आड़सा थाना क्षेत्र के हेंसला मोड़ के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार सड़क किनारे स्थित खेत में जाकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार से विश्वरूप माझी और उनके परिजनों को बाहर निकाला।
इसके बाद सभी को पुरुलिया के देवेन महतो गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सदर परिसर में पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर आड़सा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
अस्पताल में चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद विश्वरूप माझी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी, बड़े बेटे और बेटी की हालत गंभीर बनी हुई थी। विशेष रूप से बड़े बेटे की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बताई जा रही है। परिजनों ने घायलों की हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उन्हें टाटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
आड़सा क्षेत्र में शोक की लहर
आड़सा पंचायत समिति के अध्यक्ष विश्वरूप माझी की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ओर परिवार के मुखिया की मौत से परिजन सदमे में हैं, वहीं उनकी पत्नी और बच्चों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से क्षेत्र के लोग भी दुखी हैं। दुर्गापूजा के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
