तीन राइफल और 36 कारतूस... बंगाल के पुरुलिया में माओवादियों के पुराने ठिकाने से हथियारों का जखीरा बरामद
बंगाल के पुरुलिया जिले में पुलिस ने माओवादियों के एक पुराने ठिकाने से तीन राइफल, एक रिवाल्वर और 36 कारतूस बरामद किए हैं।
-1791881081701_m.webp)
HighLights
पुरुलिया में माओवादियों के पुराने ठिकाने से हथियार बरामद।
तीन राइफल, एक रिवाल्वर, 36 कारतूस मिले।
आत्मसमर्पित माओवादियों की सूचना पर कार्रवाई हुई।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के पुरुलिया जिले में माओवादियों के पुराने ठिकाने से पुलिस ने तीन राइफल, एक रिवाल्वर और 36 कारतूस बरामद किए हैं। मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक कुमार सनी राज ने इसकी जानकारी दी।
हथियारों की बरामदगी बंदोवान थाना क्षेत्र के झारखंड सीमा से सटे दुआरसिनी इलाके में एक मकान से हुई। पुलिस के अनुसार, हाल में आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी नेताओं और सदस्यों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से पूछताछ के दौरान हथियार छिपाए जाने के ठिकाने का पता चला। इसके बाद पुलिस ने संबंधित मकान में तलाशी ली, जहां एक बैग में हथियार रखे मिले।
हाल के दिनों में मदन, रवि और मीरा जैसे माओवादी नेताओं ने आत्मसमर्पण किया है। संगठन के कई अन्य सदस्यों ने भी हथियार डालकर पुलिस के सामने समर्पण किया है।
अन्य गुप्त ठिकानों पर भी तलाशी की तैयारी
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, अगस्त और सितंबर में एसटीएफ, झारखंड पुलिस और बांकुड़ा जिला पुलिस ने लगातार अभियान चलाए थे। इस साल जनवरी में झारखंड पुलिस की कार्रवाई में 15 माओवादी मारे गए थे।
इसके बाद से माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिली है। हालांकि, पुलिस को आशंका है कि कुछ अन्य गुप्त ठिकानों पर भी हथियार छिपाकर रखे गए हैं। ऐसे ठिकानों का पता लगाने के लिए आगे भी अभियान चलाया जाएगा।
