बंगाल भर्ती घोटाला: प्रमोटर अयन के पुत्र अभिषेक ने महिला मित्र के साथ मिलकर खरीदा पेट्रोल पंप
ईडी ने अपने हलफनामे में कहा कि इमोन गांगुली और अभिषेक सील संयुक्त रूप से एक पेट्रोल पंप के मालिक हैं। हुगली जिले के गुड़ाप में दुर्गापुर एक्सप्रेस-वे के किनारे उस पेट्रोल पंप की खरीद के सभी दस्तावेज मिले हैं। (सांकेतिक फोटो)
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। शिक्षक भर्ती घोटाले में ईडी की गिरफ्त में आए प्रमोटर अयन सील के बेटे अभिषेक सील भी भर्ती भ्रष्टाचार मामले में शामिल हैं। ईडी ने अपने हलफनामे में कहा कि इमोन गांगुली और अभिषेक सील संयुक्त रूप से एक पेट्रोल पंप के मालिक हैं। हुगली जिले के गुड़ाप में दुर्गापुर एक्सप्रेस-वे के किनारे उस पेट्रोल पंप की खरीद के सभी दस्तावेज मिले हैं।
एक करोड़ रुपये में खरीदा गया था पेट्रोल पंप
सरकारी मुहर वाले दस्तावेज में कहा गया है कि पेट्रोल पंप अक्टूबर 2020 में एक करोड़ रुपये में खरीदा गया था। पेट्रोल पंप को अभिषेक और ईमोन ने गुड़ाप में दुर्गापुर एक्सप्रेस-वे के किनारे लगभग 3.5 बीघा जमीन पर नंदगोपाल शुक्ला, अजय शुक्ला और कोलकाता के बिडन स्ट्रीट निवासी आशीष शुक्ला से खरीदा था।
इस पंप को स्थानीय लोग शुक्ल पंप के नाम से जानते हैं। इतना ही नहीं अभिषेक और ईमोन ने मिलकर कोलकाता हुगली के बंडेल रोड पर एक फर्म खोली। उन्होंने इसका नाम फासिल्स रखा।
अयन के करीबी सूत्रों के मुताबिक, ईमोन अभिषेक की करीबी दोस्त हैं। कानून की पढ़ाई के दौरान दोनों में दोस्ती हुई थी। बताया जा रहा है कि अभिषेक अभी दिल्ली में रह रहे हैं। हालांकि ईमोन हुगली के उत्तरपाड़ा में रहती हैं। आधिकारिक रिकार्ड के मुताबिक अभिषेक हुगली के चुंचुड़ा के रहने वाले हैं।