कोलकाता नगर निगम के मेयर पद के लिए मतदान आज
कोलकाता नगर निगम के मेयर पद के लिए होने वाले मतदान की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को नगर निगम में मतदान होना है।
कोलकाता, जेएनएन। कोलकाता नगर निगम के मेयर पद के लिए होने वाले मतदान की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को नगर निगम में मतदान होना है। कोलकाता के 144 वार्डों में से तृणमूल कांग्रेस के 122 पार्षद हैं जबकि बाकी के 22 पार्षद माकपा कांग्रेस और भाजपा के हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के शहरी विकास और अग्निशमन मामलों के मंत्री फिरहाद हकीम को नगर निगम का मेयर और नगर निगम में मेयर परिषद के सदस्य अतिन घोष को उपमेयर बनाने की घोषणा की है। इसके लिए राज्य विधानसभा में कोलकाता म्युनिसिपल कारपोरेशन (अमेंडमेंट) बिल भी पारित कर लिया गया है।
सोमवार को मेयर और उप मेयर पद के लिए नगर निगम में मतदान होना है। तृणमूल पार्षदों का बहुमत होने की वजह से फिरहाद हकीम का मेयर और अतिन घोष का उप मेयर बनना तय है।
शाम 5:00 बजे तक मतगणना पूरी होने के साथ शपथ ग्रहण की प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी। नगर निगम सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि मतदान की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद फिरहाद हकीम और अतिन घोष मेयर और उप मेयर के रूप में पूरे बंगाली रीति-रिवाज और संस्कृति का ख्याल रखते हुए शपथ लेंगे।