बंगाल में नहीं थम रही राजनीतिक हिंसा, नैहाटी में भाजयुमो के दो कार्यकर्ताओं पर हमला, एक की हालत गंभीर
बंगाल में राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी में शुक्रवार देर रात भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के दो कार्यकर्ताओं पर हमले का ताजा मामला सामने आया है। इसमें एक की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी में शुक्रवार देर रात भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के दो कार्यकर्ताओं पर हमले का ताजा मामला सामने आया है। इसमें एक की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के लिए भाजपा ने तृणमूल पर आरोप लगाया है। हालांकि तृणमूल ने आरोपों को खारिज किया है। इधर, जख्मी दोनों कार्यकर्ताओं के नाम रिंकू साहा और पिंटू बर्मन हैं। दोनों नैहाटी नगरपालिका के 24 नंबर वार्ड के कदमतला के निवासी हैं।
सुभाषपल्ली इलाके में मिलकर उनपर हमला
सूत्रों के मुताबिक, आगामी आठ अक्तूबर को होनेवाले नवान्न अभियान को लेकर शुक्रवार रात को वार्ड के बूथ अध्यक्ष राजू हालदार के घर पर आयोजित बैठक में दोनों शामिल होने गये थे। वहां से लौटते वक्त सुभाषपल्ली इलाके में आठ से 10 संख्या में जुटे बदमाशों ने मिलकर उनपर हमला कर दिया।
रिवॉल्वर की बट, लाठी व रड से हमला किया
आरोप है कि तृणमूल के लोगों ने रास्ते रोक कर रिवॉल्वर की बट, लाठी व रड से हमला किया। दोनों को लहूलुहान हालत में पहले नैहाटी अस्पताल, वहां से कल्याणी अस्पताल ले जाया। पिंटू बर्मन के सिर पर गंभीर चोट लगी है। उसे कोलकाता के एक गैर सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया है।
नवान्न अभियान के लिए मीटिंग बुलाई थी
स्थानीय भाजयुमो नेता ने कहा कि आठ अक्तूबर को नवान्न अभियान को लेकर एक मीटिंग बुलाई गई थी, जिसमें शामिल होने के बाद घर जा रहे दोनों कार्यकर्ताओं को पूर्व साजिश के तहत तृणमूल के लोगों ने हमला किया है। इस बाबत थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
आपसी विवाद का नतीजा, आरोप खारिज
इधर, स्थानीय तृणमूल नेता ने आरोप को खारिज करते हुए कहा है कि है यह सब भाजपा के आपसी विवाद का नतीजा है। इससे तृणमूल का कोई लेना-देना नहीं है। तृणमूल के खिलाफ गलत आरोप लगाये जा रहे हैं।