बंगाल: श्रीरामपुर में ममता की सभा से पहले पुलिस का एक्शन, टीएमसी नेता से मांगी 8 जानकारियां
हाई कोर्ट की अनुमति के बाद श्रीरामपुर में ममता बनर्जी की सभा से पहले पुलिस ने टीएमसी नेता असित मजूमदार से आठ विषयों पर जानकारी मांगी।
-1790345616201_m.webp)
ममता की सभा से ठीक पहले पुलिस की सख्ती (फाइल फोटो- PTI)
HighLights
हाई कोर्ट की अनुमति के बाद श्रीरामपुर में ममता बनर्जी की सभा
पुलिस ने टीएमसी नेता असित मजूमदार से मांगी आठ विषयों पर जानकारी
श्रीरामपुर कोर्ट मैदान में एक हजार लोगों के साथ होगी सभा
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । हाई कोर्ट की अनुमति के बाद शनिवार को हुगली के श्रीरामपुर में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सभा होगी। सभा से एक दिन पहले ममता तृणमूल नेता असित मजूमदार से चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट ने आठ विषयों पर विस्तृत जानकारी मांगी। असित शुक्रवार को वकील की पोशाक में थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
असित ने बताया कि गुरुवार रात 10.40 बजे उन्हें ईमेल के जरिए आठ विषयों पर जानकारी मांगी गई। इनमें वीआइपी आवाजाही के लिए निर्धारित मार्ग और लाइटमैन के फोन नंबर समेत अन्य जानकारियां शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट के निर्देश के अनुसार 10 स्वयंसेवकों के नाम 23 सितंबर को ही जमा कर दिए गए थे। उनका दावा है कि इनमें से दो को गिरफ्तार किया जा चुका है। असित ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि सभा हाई कोर्ट की शर्तों के अनुसार ही होगी और इसे रोका नहीं जा सकता।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ममता तृणमूल के कई कार्यकर्ता-नेता घर से बाहर रहने को मजबूर हैं और उनके खिलाफ मामले किए जा रहे हैं।
कोर्ट मैदान में एक हजार लोगों की सभा
ममता की सभा पहले श्रीरामपुर के माहेश के स्नानपिड़ी मैदान में प्रस्तावित थी। मैदान की अनुमति को लेकर मंदिर समिति की आपत्ति के बाद मामला हाई कोर्ट पहुंचा। राज्य ने सभा की अनुमति देने की बात कही, लेकिन मैदान निजी स्वामित्व में होने के कारण इसे लेकर अपनी सीमाएं बताईं।
बाद में हाई कोर्ट ने शर्तों के साथ सभा की अनुमति दी। अब श्रीरामपुर कोर्ट मैदान में शनिवार शाम चार से छह बजे तक सभा होगी। इसमें अधिकतम एक हजार लोगों के शामिल होने की अनुमति है। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने सभा के आयोजन को लेकर शर्तें भी तय की हैं, जिनका पालन आयोजकों को करना होगा।
