विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 30, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Mamata Banerjee Mission Goa: कांग्रेस की वजह से पीएम मोदी बनेंगे और ताकतवर- ममता बनर्जी

By Babita KashyapEdited By:
Published: Sat, 30 Oct 2021 01:52 PM (IST)Updated: Sat, 30 Oct 2021 05:33 PM (IST)

Mamata Banerjee Mission Goaममता बनर्जी ने गोवा दौरे के अंतिम दिन कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ...और पढ़ें

गोवा से ममता का निशाना, कहा- राजनीति को गंभीरता से नहीं ले रही कांग्रेस
गोवा से ममता का निशाना, कहा- राजनीति को गंभीरता से नहीं ले रही कांग्रेस

पणजी, प्रेट्र : बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने गोवा के तीन दिवसीय दौरे के आखिरी दिन शनिवार को कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राजनीति को लेकर गंभीर नहीं है, इसकी वजह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और शक्तिशाली बनेंगे।ममता ने देश की सबसे पुरानी पार्टी पर गठबंधन को लेकर फैसला नहीं लेने का भी आरोप लगाया।

पणजी में पत्रकारों को संबोधित करते हुए ममता ने यह भी कहा कि कांग्रेस निर्णय नहीं ले रही है, इसका अंजाम देश भुगत रहा है। उन्होंने कहा, 'मैं सबकुछ अभी नहीं कह सकती, क्योंकि वे राजनीति को गंभीरता से नहीं लेते। कांग्रेस की वजह से मोदी जी और अधिक शक्तिशाली हो रहे हैं।

उन्होंने पूछा- अगर कोई निर्णय नहीं लेता है, तो उसके लिए देश क्यों खामियाजा उठाए? ममता ने आगे कहा, कांग्रेस को पहले भी मौका मिला, लेकिन वे भाजपा के खिलाफ लड़ने के बजाय मेरे राज्य में मेरे खिलाफ लड़े। टीएमसी ने गोवा की सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया है।

'दिल्ली की दादागिरी बहुत हुई'

ममता ने इसके साथ ही भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली की दादागिरी बहुत हुई। उन्होंने कहा कि टीएमसी चुनावों में क्षेत्रीय दलों को सीटें आवंटित करने में यकीन रखती हैं। ममता ने कहा, मैं चाहती हूं कि क्षेत्रीय दलों को मजबूत होना चाहिए। संघीय ढांचा मजबूत हो। हमें राज्यों को मजबूत बनाना चाहिए, अगर राज्य मजबूत होंगे तो केंद्र भी मजबूत होगा। हम दिल्ली की दादागीरी नहीं चाहते, बस बहुत हुआ।

महंगाई पर भी केंद्र को घेरा

ममता ने महंगाई को लेकर भी केंद्र को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अच्छे दिन का वादा किया था, लेकिन अब ये लोग देश को खत्म करने में जुटे हैं। देश में महंगाई बढ़ रही है। डीजल, पेट्रोल, एलपीजी की कीमतें दिनों दिन आसमान छू रही हैं। जीएसटी से व्यापार प्रभावित हो रहे हैं। लेकिन भाजपा इन मुद्दों को हल करने में गंभीर नहीं है।

गोवा फारवर्ड पार्टी के नेता विजय सरदेसाई ने ममता से की मुलाकात

इससे पहले गोवा फारवर्ड पार्टी के नेता विजय सरदेसाई ने ममता से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, गठबंधन को लेकर दोनों के बीच चर्चा हुई। गोवा में अगले साल फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ममता का यह दौरा अहम माना जा रहा है। दौरे के अंतिम दिन ममता ने मापुसा बाजार का भी किया दौरा। ममता ने यहां के दुकानदारों से भी बातचीत की। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ भी संवाद किया। इसके अलावा ममता ने एक चर्च का भी दौरा किया।