बंगाल:झाड़ग्राम के झालमुड़ी दुकानदार ने पीएम मोदी का जन्मदिन मनाया, पुरानी यादें ताजा कीं
झाड़ग्राम के एक झालमुड़ी दुकानदार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर अपनी दुकान में छोटा आयोजन किया। उन्होंने अप्रैल ...और पढ़ें

झालमुड़ी खाने की याद में दुकानदार ने मनाया प्रधानमंत्री का जन्मदिन (फाइल फोटो)
HighLights
झाड़ग्राम के दुकानदार ने पीएम मोदी का जन्मदिन मनाया।
अप्रैल में मोदी ने दुकान पर झालमुड़ी का स्वाद लिया था।
इस घटना से झालमुड़ी दुकान को नई पहचान मिली।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बंगाल के झाड़ग्राम में झालमुड़ी ( मसालेदार लइया) खाने की याद गुरुवार को फिर ताजा हो गई। अप्रैल में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री जिस सड़क किनारे की दुकान पर रुके थे, उसके संचालक विक्रम कुमार साहू ने उनकी जन्मदिन पर दुकान में ही छोटा आयोजन किया।
उन्होंने मुलाकात की तस्वीरें लगाईं, ग्राहकों को झालमुड़ी खिलाई और उस खास पल को याद किया।
राज कालेज मोड़ के पास स्थित चवन लाल स्पेशल झालमुड़ी दुकान पर चुनावी कार्यक्रमों के बीच मोदी कुछ मिनट के लिए रुके थे। उन्होंने साहू से बातचीत की और झालमुड़ी खाई थी। इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया खातों से भी साझा किए गए थे और तेजी से प्रसारित हुए थे।
साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री का उनकी दुकान पर आना उनके लिए अविस्मरणीय है। इसी याद को ताजा करने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का जन्मदिन दुकान पर मनाया और उनके अच्छे स्वास्थ्य व लंबी आयु की कामना की।
झालमुड़ी दुकान की बढ़ी पहचान
प्रधानमंत्री की यात्रा के बाद साहू की साधारण दुकान अचानक लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई थी। लोग वहां पहुंचकर उस घटना को दोहराते हुए रील बनाने लगे। दुकान पर आने वाले लोगों को साहू को बार-बार उस मुलाकात की कहानी सुनानी पड़ती थी।
उस समय जारी रिपोर्टों के अनुसार, मोदी के झालमुड़ी खाने का वीडियो इंस्टाग्राम पर एक दिन में 10 करोड़ से अधिक बार देखा गया था। चुनाव प्रचार के दौरान झालमुड़ी भाजपा के बंगाल अभियान की एक चर्चित छवि भी बन गई थी। भाजपा के कई कार्यक्रमों में भी इसे परोसा गया।
हालांकि, साहू के लिए इस पूरे घटनाक्रम का सबसे खास हिस्सा अब भी वही कुछ मिनट हैं, जब प्रधानमंत्री उनकी छोटी सी दुकान पर रुके थे।
