यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 31, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Fire News: बंगाल के नदिया में गोदाम में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत
दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम से ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के नदिया जिले में रविवार को एक गोदाम में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों के मुताबिक यह हादसा जिले के घनी आबादी वाले नकाशीपाड़ा इलाके में हुआ। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम से एक व्यक्ति का जला हुआ शव बरामद किया गया, जो संभवत: वहां का कर्मचारी बताया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, गोदाम में डीजल और कैरोसीन के भरे हुए ड्रम रखे हुए थे। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।
कोलकाता में आग से पुरोहित झुलसा
इधर, राजधानी कोलकाता के रीजेंट पार्क थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक घर में आग लग गई, जिसमें एक पुरोहित झुलस गया। घटना सुबह छह बजे के करीब की है। कोलकाता पुलिस के एसएसडी डिवीजन के उपायुक्त रशीद मुनीर खान ने बताया कि पश्चिम आनंद पल्ली इलाके में एक टाली के मकान में सुबह छह बजे के करीब आग लग गई। इसमें एक पुरोहित अकेले रहते हैं। आग लगने के बाद आसपास रहने वाले लोगों ने मुख्य दरवाजे को तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। हालांकि तब तक वह झुलस गए थे। उन्हें एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल पुरोहित कथित तौर पर आदतन शराबी और नशेड़ी भी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग को काबू में किया। आग किस वजह से लगी, फिलहाल स्पष्ट नहीं है। इसकी जांच होगी।
