विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब का कुख्यात अपराधी तरण सिंह बंगाल में गिरफ्तार, असम भागने से पहले RPF ने पकड़ा

Published: Fri, 11 Sep 2026 11:46 PM (IST)

पंजाब के कुख्यात अपराधी तरण सिंह को न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर आरपीएफ ने गिरफ्तार किया, वह असम भागने की फिराक ...और पढ़ें

पंजाब का कुख्यात अपराधी तरण सिंह बंगाल में गिरफ्तार

पंजाब का कुख्यात अपराधी तरण सिंह बंगाल में गिरफ्तार

HighLights

  1. पंजाब का कुख्यात अपराधी तरण सिंह न्यू जलपाईगुड़ी में गिरफ्तार।

  2. राजधानी एक्सप्रेस से असम भागने की फिराक में था।

  3. उस पर पंजाब में नौ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी । असम के गुवाहाटी भागने की फिराक में राजधानी एक्सप्रेस से सफर कर रहे पंजाब के कुख्यात आरोपित को बंगाल में न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर आरपीएफ की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान तरण सिंह उर्फ तरुण कुमार उर्फ तन्नू सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, उसके खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में संगठित अपराध, चोरी, झपटमारी, डकैती, लूट और अपहरण जैसे गंभीर मामलों में करीब नौ एफआइआर दर्ज हैं। शुक्रवार को आरोपित को जलपाईगुड़ी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से लुधियाना के सदर खन्ना थाना की पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई।

जानकारी के अनुसार आरोपित नाम और पहचान बदल-बदलकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। वर्ष 2023 से 2026 के बीच पंजाब के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ मामले दर्ज हुए हैं। बताया गया कि हाल में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के बाद वह असम भागने की तैयारी में था।

इसी बीच पंजाब पुलिस से एनजेपी आरपीएफ को आरोपित के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर गुरुवार को आरपीएफ ने उसकी तलाश शुरू की और विभिन्न ट्रेनों में जांच अभियान चलाया। टीम को जानकारी मिली कि आरोपित राजधानी एक्सप्रेस से सफर कर रहा है। बिहार में कटिहार पार करने के बाद किशनगंज से पहले आरपीएफ ने ट्रेन में उसकी पहचान कर ली।

राजधानी एक्सप्रेस के न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पहुंचने के बाद आरपीएफ की टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पहचान की पुष्टि और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। एनजेपी आरपीएफ के प्रभारी मुकेश रजक ने बताया कि यात्री सुरक्षा से जुड़ी हर गतिविधि पर आरपीएफ की पैनी नजर रहती है।

सूचना मिलने के बाद पूरी टीम आरोपित की पहचान करने और उसे पकड़ने में जुट गई थी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर आरोपित को पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया।