विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर बंगाल के बंद चाय बागानों को मिलेगी नई जिंदगी, केंद्र से 330 करोड़ की मंजूरी

Published: Tue, 22 Sep 2026 07:59 PM (IST)

उत्तर बंगाल के बंद चाय बागानों को जल्द ही फिर से खोला जाएगा, जिसके लिए केंद्र से 330 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी मिली है।

उत्तर बंगाल के बंद चाय बागान खुलेंगे। (पीटीआई)

उत्तर बंगाल के बंद चाय बागान खुलेंगे। (पीटीआई)

HighLights

  1. उत्तर बंगाल के बंद चाय बागानों को फिर से खोलने की तैयारी।

  2. केंद्र से 330 करोड़ रुपये की विकास योजना को मिली मंजूरी।

  3. मूर्ति पुल का उद्घाटन, निवेश और कानून-व्यवस्था पर समीक्षा।

जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी। उत्तर बंगाल के बंद चाय बागानों को फिर से खोलने की दिशा में राज्य सरकार जल्द कदम उठाएगी। चाय श्रमिकों और उनके परिवारों को प्रधानमंत्री चाय श्रमिक प्रोत्साहन योजना का लाभ दिलाने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को जलपाईगुड़ी जिले के मूर्ति में यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल विकास विभाग की ओर से प्रस्तावित करीब 330 करोड़ रुपये की योजना को केंद्र से मंजूरी मिल गई है। मुख्यमंत्री ने करम पूजा के अवसर पर मूर्ति पुल का भी उद्घाटन किया। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और पुल संपर्क से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था और सीमा से जुड़े मुद्दों की भी समीक्षा की। उन्होंने असम से अवैध रूप से कोयला और सुपारी की तस्करी रोकने के निर्देश दिए। सिंडिकेट पर कार्रवाई और भारत-बांग्लादेश सीमा क्षेत्र में अवैध खेती रोकने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने नशे के खिलाफ अभियान और तेज करने के लिए कहा।

मुख्यमंत्री ने बंगाल में बड़े पैमाने पर निवेश आने की बात कही। उन्होंने कहा कि कई निवेशक बंगाल के विकास में भागीदारी करेंगे। इस दौरान उन्होंने अंबानी परिवार के साथ रात्रिभोज में हुई मुलाकात का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अंबानी परिवार से राज्य में निवेश को लेकर चर्चा हुई।