विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बंगाल में सत्ता में आने के बाद पार्टी में घुसने वाले अवांछित तत्वों से रहें सतर्क', भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दी नसीहत

Published: Sun, 27 Sep 2026 09:51 PM (IST)

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बंगाल में पार्टी नेताओं को 'अवांछित तत्वों' से सतर्क रहने और व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर काम करने की नसीहत दी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन

HighLights

  1. अवांछित तत्वों से सतर्क रहने और व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठने की सलाह।

  2. सरकार-संगठन समन्वय, विकास कार्यों की जानकारी जमीनी स्तर तक पहुंचाएं।

  3. निकाय चुनावों से पहले बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बंगाल में पार्टी के सत्ता में आने बाद भाजपा संगठन में शामिल हो रहे ‘अवांछित तत्वों’ से सतर्क रहने और व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर काम करने की नसीहत रविवार को प्रदेश के नेताओं, सांसदों और विधायकों को दी।

उन्होंने सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पिछले तीन-चार महीनों में राज्य सरकार ने जो विकास कार्य किए हैं, उनकी जानकारी जमीनी स्तर तक पहुंचाई जाए।

दो दिवसीय बंगाल प्रवास पर सुबह कोलकाता पहुंचे नवीन ने पहले दिन न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में प्रदेश इकाई के पदाधिकारियों, विभाग संयोजकों, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों, जिला अक्ष्यक्षों व प्रभारियों और सांसदों- विधायकों के साथ दिनभर कई संगठनात्मक बैठकें की।

BJP National President

उनके साथ बैठक में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व बंगाल के प्रभारी सुनील बंसल सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

नवीन का यह दौरा राज्य में पार्टी की संगठनात्मक समीक्षा और आगामी निकाय चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर हो रहा है। बैठक से जुड़े सूत्रों के अनुसार, बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद बड़ी संख्या में नए लोगों के पार्टी से जुड़ने के मद्देनजर उन्होंने संगठन में गलत प्रवृत्ति वाले लोगों की घुसपैठ को लेकर विशेष रूप से सतर्क रहने और अवांछित तत्वों का प्रवेश रोकने को कहा।

नवीन ने यह भी साफ किया कि व्यक्तिगत हित साधने के बाद संगठन की उपेक्षा करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी में जगह नहीं होनी चाहिए।

BJP National President (2)

अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई का संदेश

अनैतिक गतिविधियों और भ्रष्टाचार की शिकायतों को गंभीरता से लेने तथा संगठन को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई का भी संदेश दिया। साफ कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने में कोई हिचक नहीं चाहिए।

नवीन ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने तथा सभी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर जनता के बीच जाने और उनसे लगातार संपर्क में रहने का भी संदेश दिया। उन्होंने विशेषकर दुर्गापूजा सहित आगामी त्योहारों के दौरान आम लोगों से संपर्क बढ़ाने को भी कहा। हालांकि, पूजा समितियों में जबरन पद लेने से बचने की नसीहत भी दी।

नियमित कार्यालय में बैठें सांसद-विधायक, लोगों से मिलें

नवीन ने सांसदों और विधायकों को अपने कार्यालय में नियमित समय देने तथा उनसे मिलने आने वाले लोगों का उचित रिकार्ड रखने को कहा। नेताओं के साथ तस्वीर खिंचवाने वालों को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी, ताकि आपराधिक अथवा असामाजिक गतिविधियों से जुड़े किसी व्यक्ति के कारण पार्टी की छवि प्रभावित न हो।

BJP National President (3)

गामी निकाय चुनावों में टिकट वितरण को लेकर भी नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया गया। नवीन ने कहा कि उम्मीदवार का चयन पार्टी नेतृत्व करेगा। इसलिए किसी को टिकट दिलाने का आश्वासन देने से बचें और सभी को संगठन के लिए मिलकर काम करने को कहा। नवीन ने आने वाले चुनावों से पहले बूथ और जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

कोर ग्रुप के सदस्यों और मंत्रियों के साथ भी बैठक की

नवीन ने शाम में कोलकाता के एक होटल में राज्य भाजपा के कोर ग्रुप के सदस्यों और मंत्रियों के साथ भी अलग-अलग बैठक की। इसके बाद उन्होंने प्रमुख हस्तियों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ भी बातचीत की। मई में बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद नवीन पहली बार राज्य के दौरे पर पहुंचे हैं।

कोलकाता पहुंचने पर नवीन ने सुबह 11 बजे से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को भी सुना। इससे पहले एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सहित पूरा प्रदेश नेतृत्व उपस्थित रहा। मुख्यमंत्री ने नवीन को मां काली की मूर्ति भेंट की।