एयरपोर्ट से कोकीन के साथ नाइजीरियन महिला गिरफ्तार
नएससीबीआइ हवाई अड्डे से कोकीन (मादक पदार्थ) के साथ एक नाइजीरियन महिला यात्री को गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आया है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय (एनएससीबीआइ) हवाई अड्डे से कोकीन (मादक पदार्थ) के साथ एक नाइजीरियन महिला यात्री को गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आया है। उसका नाम उकसून क्रिस्टियानो है।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर गिरफ्तार किया। उसके पास से 25 ग्राम कोकीन जब्त किया गया। वह अंतरराष्ट्रीय मादक तस्कर गिरोह की सदस्य बताई जा रही है। पुलिस उससे पूछताछ कर कोलकाता समेत राज्यभर में सक्रिय मादक तस्करों का पता लगाने की कोशिश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक एनसीबी की टीम को मादक पदार्थ के साथ एक नाइजीरियन महिला के कोलकाता पहुंचने की गुप्त सूचना पहले ही मिल गई थी। उसे गिरफ्तार करने के लिए एनसीबी की टीम ने एयरपोर्ट पर जाल बिछाया।
आरोपित महिला याक्षी उकसून दिल्ली से विमान पकड़ कर रांची होते हुए कोलकाता पहुंची थी। वह एयरपोर्ट से बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी, तभी पहले से मौजूद एनसीबी अधिकारियों ने उसे दबोच लिया। सामान की तलाशी ली, तो कोकीन बरामद हुआ, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गौरतलब हो कि इसी साल जुलाई में ही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने डेविड ब्लेसिंग नामक एक नाइजीरियन युवती को एयरपोर्ट से ही मादक पदार्थो के साथ गिरफ्तार किया था। वो करीब 12 ग्राम कोकीन और 20 पुड़िया एलएसडी अपने यौनांग में छिपा कर कोलकाता पहुंची थी, लेकिन पकड़ी गई। पुलिस उकसुन से पूछताछ कर पता लगाने की कोशिश कर रही है कहीं, उसका संपर्क डेविड ब्लेसिंग के साथ तो नहीं है।