नेपाल से आए बुजुर्ग तीर्थयात्री की कोलकाता में मौत
नेपाल से गंगासागर पुण्य स्नान करने आए एक बुजुर्ग तीर्थयात्री की मौत हो गई। मृतक का नाम सत्यदेव खंग खतबे (70) है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : नेपाल से गंगासागर पुण्य स्नान करने आए एक बुजुर्ग तीर्थयात्री की मौत हो गई। मृतक का नाम सत्यदेव खंग खतबे (70) है। वे नेपाल के सप्तरी जिले के बलिया बतनाहा के वाशिंदा थे। एसएसकेएम अस्पताल में चिकित्सा के दौरान शुक्रवार प्रात: उनकी मौत हो गई। वे गुरुवार को गंगासागर से पुण्य स्नान कर लौट रहे थे। नामखाना में स्टीमर से उतरते वक्त गिर पड़े। उसके बाद उन्हें बस से आउट्राम घाट लाया गया, जहां संयुक्त नेपाली केंद्रीय सेवा संघ के शिविर में प्राथमिक उपचार शुरू हुआ। उनकी हालत में सुधार नहीं होने पर गुरुवार शाम करीब चार बजे एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया। वहां शुक्रवार प्रात: 6.55 बजे उनकी मौत हो गई। शनिवार शाम केवड़ातल्ला श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगासागर तीर्थयात्रा पर उनका 31 लोगों का जत्था नेपाल से चला था। आउट्राम घाट से वे लोग 14 जनवरी को गंगासागर के लिए रवाना हुए थे। पुण्य स्नान कर लौटते वक्त 16 जनवरी को स्टीमर से उतरते समय सत्यदेव भीड़ में गिर गए। इस घटना में उन्हें सिर में चोट लगी थी।