नंदीग्राम में गरमाई राजनीति, उपचुनाव से ठीक पहले ममता तृणमूल के दो नेताओं के घर पुलिस की तलाशी
नंदीग्राम उपचुनाव से पहले 2007 के भूमि आंदोलन से जुड़े पुराने मामले में ममता तृणमूल के दो नेताओं, शेख सूफियान और शेख शहाबुद्दीन, के घरों पर पुलिस ने तलाशी ली।

नंदीग्राम उपचुनाव से पहले ममता तृणमूल के दो नेताओं के घर पुलिस की तलाशी (फाइल फोटो)
HighLights
नंदीग्राम उपचुनाव से पहले दो तृणमूल नेताओं के घर तलाशी।
शेख सूफियान और शेख शहाबुद्दीन के खिलाफ वारंट जारी।
2007 के भूमि आंदोलन से जुड़े पुराने मामले।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव से पहले 2007 के भूमि आंदोलन से जुड़े पुराने मामले में ममता तृणमूल के दो नेताओं की तलाश शुरू हो गई है।
पुलिस ने रविवार को नंदीग्राम भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति के अध्यक्ष और 2021 में ममता बनर्जी के चुनावी एजेंट रहे शेख सूफियान तथा ममता तृणमूल नेता शेख शहाबुद्दीन के घर तलाशी ली। दोनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने की बात सामने आई है। हालांकि, दोनों अपने-अपने घर पर नहीं मिले।
नंदीग्राम थाने की पुलिस और केंद्रीय बल के जवान रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे तीन वाहनों से नंदीग्राम-1 ब्लाक के ताराचांदबाड़ इलाके में शेख सूफियान के घर पहुंचे।
लंबे समय तक तलाशी के बाद टीम लौट गई। सूफियान के दामाद हबीबुर रहमान ने कहा कि पुराने मामले में कई लोग खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन कार्रवाई केवल कुछ लोगों के खिलाफ हो रही है।
उन्होंने कानूनी कदम उठाने की बात कही। इसी दौरान पुलिस की एक टीम नंदीग्राम-1 ब्लाक के हाजराकाटा में शेख शहाबुद्दीन के घर भी पहुंची। परिवार की ओर से पुलिस को भीतर जाने से रोकने की कोशिश की गई।
बाद में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों ने घर की तलाशी ली, लेकिन शहाबुद्दीन भी नहीं मिले। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों परिवारों को कार्रवाई से जुड़े मामले और धाराओं की जानकारी दी गई है।
कांग्रेस ने उठाए सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने नंदीग्राम में कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान के प्रचार के दौरान दोनों नेताओं के घर कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 2007 के मामले में चुनाव से कुछ दिन पहले कार्रवाई क्यों की जा रही है।
उन्होंने निष्पक्ष चुनाव की मांग करते हुए प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। ममता तृणमूल नेता अखिल गिरि ने भी कहा कि जिस 2007 के मामले में मिलन प्रधान को गिरफ्तार किया गया, उसी मामले में दो अन्य लोगों के घर पुलिस पहुंची है और चुनाव नजदीक है।
