नंदीग्राम उपचुनाव से पहले अल्पसंख्यकों ने खोला पहला भाजपा कार्यालय, CM शुभेंदु को दिया समर्थन
नंदीग्राम उपचुनाव से पहले सरबेरिया गांव में अल्पसंख्यक समुदाय ने अपना पहला भाजपा कार्यालय खोला, जहां स्थानीय मुस्लिम युवाओं ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का समर्थन किया।
-1791127966785_m.webp)
नंदीग्राम में अल्पसंख्यकों ने पहला भाजपा कार्यालय खोला
HighLights
नंदीग्राम में अल्पसंख्यकों ने बांस-तिरपाल से पहला भाजपा कार्यालय खोला
स्थानीय मुस्लिम युवाओं ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का समर्थन किया
उपचुनाव से दो दिन पहले भाजपा बूथ अध्यक्ष के घर बमबाजी
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की हाईप्रोफाइल नंदीग्राम विधानसभा सीट पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव से पहले भाजपा ने अल्पसंख्यक समुदाय के बीच समर्थन बढ़ने का दावा किया है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की ओर से अल्पसंख्यकों से दोस्ती का आह्वान किए जाने के एक दिन बाद शनिवार को नंदीग्राम के सरबेरिया गांव में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने बांस व तिरपाल से तैयार भाजपा का पार्टी कार्यालय खोला। स्थानीय भाजपा नेताओं का दावा है कि नंदीग्राम में अल्पसंख्यकों की ओर से खोला गया यह पहला पार्टी कार्यालय है।
नंदीग्राम में अल्पसंख्यकों ने पहला भाजपा कार्यालय खोला
मुस्लिम युवाओं ने रातोंरात बांस, तिरपाल और कपड़े से यह कार्यालय तैयार किया। इस कार्यालय के सामने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ की तस्वीर लगाई गई है। पार्टी कार्यालय की जिम्मेदारी संभाल रहे सानोआर अली साहा ने कहा कि स्थानीय मुस्लिम युवा मुख्यमंत्री के समर्थन में आगे आए हैं।
सानोआर ने बताया कि वह पहले तृणमूल कांग्रेस से जुड़े थे, लेकिन 2021 के बाद उनका राजनीतिक रुख बदल गया। उनके अनुसार, अब अल्पसंख्यक समुदाय के कई लोग शुभेंदु अधिकारी के साथ खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला डर के कारण नहीं, बल्कि अपनी इच्छा और समर्थन के आधार पर लिया गया है।
70 प्रतिशत मतदाता अल्पसंख्यक
सरबेरिया गांव के दो बूथों पर करीब 1700 मतदाता हैं। इनमें लगभग 70 प्रतिशत अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। रविवार को पार्टी कार्यालय पहुंचे लोगों ने भाजपा प्रत्याशी की जीत का दावा किया। इससे पहले शुक्रवार को नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान शुभेंदु ने अल्पसंख्यकों से भाजपा के साथ दोस्ती करने की अपील की थी।
उन्होंने अल्पसंख्यकों को विकास का भागीदार बनने और नंदीग्राम को आधुनिक बनाने के लिए साथ आने का आह्वान किया था। नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव के लिए रविवार शाम चुनाव प्रचार का शोर थम गया। दोनों सीटों पर छह अक्टूबर को मतदान होना है।
उपचुनाव से पहले नंदीग्राम में बमबाजी
दूसरी ओर, नंदीग्राम में उपचुनाव से दो दिन पहले शनिवार देर रात भाजपा बूथ अध्यक्ष दीनबंधु दास के घर के सामने बमबाजी का आरोप लगा है। नंदीग्राम-1 ब्लाक के गोखुलनगर के बड़बाजार इलाके में रात 11 बजे के बाद घटना हुई।
भाजपा का आरोप है कि तीन तृणमूल समर्थित बदमाशों ने घर के सामने बम फेंके और फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके से कुछ ताजे बम बरामद किए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
