विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत-ब्राजील मैच के बाद कोलकाता के होटल में नागालैंड की दो युवतियों से अभद्रता, नोएडा का आरोपी गिरफ्तार

Published: Sun, 04 Oct 2026 08:12 PM (IST)

कोलकाता के एक पांच सितारा होटल में भारत-ब्राजील फुटबॉल मैच के बाद नागालैंड की दो युवतियों से अभद्रता का मामला ...और पढ़ें

होटल में युवतियों से अभद्रता करने वाला गिरफ्तार (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)

होटल में युवतियों से अभद्रता करने वाला गिरफ्तार (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)

जागरण, संवाददाता, कोलकाता । भारत-ब्राजील फुटबाल मैच के बाद कोलकाता के एक पांच सितारा होटल में ब्राजील की टीम का अभिवादन करने पहुंचीं नागालैंड की दो युवतियों के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है।

आरोप है कि शनिवार देर रात होटल की लाबी में एक व्यक्ति ने दोनों को आपत्तिजनक तरीके से स्पर्श किया। शिकायत के आधार पर प्रगति मैदान थाने की पुलिस ने होटल के कमरे से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के नोएडा निवासी पलाश राय (56) के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नागालैंड के दीमापुर की रहने वाली युवती अपनी एक सहेली के साथ विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में भारत-ब्राजील मैच देखने आई थीं। मैच समाप्त होने के बाद दोनों रात करीब 12:30 से एक बजे के बीच होटल की लाबी में ब्राजील फुटबाल टीम के सदस्यों का अभिवादन कर रही थीं।

इसी दौरान एक व्यक्ति ने दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक तरीके से स्पर्श किया। घटना के बाद युवती ने प्रगति मैदान थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद पुलिस ने होटल की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इसके बाद पुलिस ने होटल के एक कमरे से पलाश राय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी होटल के डिस्को में एक युवती से कथित अभद्रता का मामला सामने आया था।