वीरभूम में पत्नी की हत्या कर की खुदकुशी
जागरण संवाददाता, कोलकाता : पत्नी का अवैध संबंध होने के संदेह मात्र ने परिवार को बर्बाद कर
जागरण संवाददाता, कोलकाता : पत्नी का अवैध संबंध होने के संदेह मात्र ने परिवार को बर्बाद कर दिया। पति ने गला घोंट कर पत्नी की हत्या कर दी फिर खुद भी फांसी लगा ली। क्रूरता इतनी की पालतू कुत्ते को भी मार डाला। दंपती के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्रों के अनुसार वीरभूम जिले के नलहाटी थाना अंतर्गत जुगल गांव निवासी रामप्रसाद माल (55) पेशे से किसान था। पत्नी चायना माल (46) के साथ कच्चे मकान में रहता था। उसने अपनी बेटी और दामाद के रहने के लिए अपने पास ही मकान बनवा दिया था। खेतीबाड़ी करने के साथ ही दंपती संकीर्तन में भजन आदि गाने का भी काम करता था। बुलावे पर गांव-गांव जाकर संकीर्तन करने से लोगों से जान पहचान भी अच्छी हो गई थी जिस वजह से रामप्रसाद अपनी पत्नी का गैर मर्द से अवैध संबंध होने का शक करने लगा था। इस कारण दंपती में आए दिन कलह होती रहती थी। शुक्रवार सुबह पत्नी चायना का शव बिस्तर पर तो रामप्रसाद का शव फंदे पर लटका मिला। पास में ही पालतू कुत्ते का शव भी मिला। मृतक दंपती की बेटी सुनीता के अनुसार रोजाना रात में मां-बाप के बीच में झगड़ा होता था। जोरजोर से चीखने की आवाज भी आती थी। गत गुरुवार रात भी चीखने चिल्लाने की आवाजें आ रही थी लेकिन रोजाना की घटना मानकर उन्होंने अनसुना कर दिया था। दोनों एक दूसरे पर शक करते थे। शुक्रवार सुबह जब उसका पति उनके आंगन से गाय खोलने गया तो पिता के शव को फंदे पर लटका देख शोर मचा दिया। पुलिस के अनुसार पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद ही रामप्रसाद ने खुदकुशी की होगी। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।