यूपी में बंगाल के इंजीनियर की गोली मारकर हत्या
-कुछ बेईमान लोगों के क्रियाकलापों का विरोध करने के कारण की गई हत्या संवाद सूत्र, बैर
-कुछ बेईमान लोगों के क्रियाकलापों का विरोध करने के कारण की गई हत्या
संवाद सूत्र, बैरकपुर : अशोकनगर थानांतर्गत विवेकानंद पाड़ा के रहने वाले ईमानदार इंजीनियर सपन दे (42) की उत्तर प्रदेश में गोली मारकर हत्या करने के मामले ने फिर से एक बार अन्य राज्यों में रह रहे बंगालियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया है। सोमवार को सपन का शव उनके घर पहुंचा। वे कोलकाता के एक गैर सरकारी कंपनी में नौकरी करते थे। उक्त कंपनी ने उन्हें उत्तरप्रदेश के मुगलसराय भेजी थी जहा शनिवार दोपहर अज्ञात लोगों ने उन्हें प्वाइंट जीरो रेंज से गोली मार दी। मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। आरोप है कि कुछ बेईमान लोगों के क्रियाकलापों का विरोध करने के कारण उनकी हत्या की गई है।
मृत सपन दे के घर वालों के मुताबिक 14 साल पहले सपन की शादी नंदिता दे से हुई थी। उन्हें 10 साल का एक बेटा है। नौकरी के सिलसिला में सपन मुगलसराय में रह रहे थे। छुट्टी मिलने पर वे अपने घर आते थे। गत तीन साल से वे वहा काम कर रहे थे। शनिवार दोपहर दो बाइक पर सवार चार युवक उनके घर पहुंचे। उस समय सपन खा पीकर अपने एक परिचित व्यक्ति के साथ कमरे में बैठ कर बातचीत कर रहे थे। उसी समय युवक उनके घर में घुसे। कमरे में उपस्थित दो व्यक्तियों में से सपन कौन है कि जानकारी दोनों ने ली। सपन ने उन्हें अपना परिचय दिया। इस पर दोनों ने उन्हें नमस्कार किया। इसके बाद पास में छुपाकर रखी रिवाल्वर निकाल कर उसे गोली मार दी। नंदिता दे ने बताया कि उनके कार्यस्थल पर कुछ बेईमान और माफिया थे जिनसे उन्हें लगातार परेशानी हो रही थी। फोन पर हुई बातचीत में सपन ने उनसे कहा था कि वहा सब कुछ सही नही चल रहा है। कुछ लोग कंपनी का सामान बदमाशों को बेचने में लगे हैं। वे ऐसे लोगों के खिलाफ है। इसलिए वे लोग उससे नाराज है। इन कारणों से सपन अपने घर लौट आना चाहता थे। सपन दे की हत्या की शिकायत मुगलसराय थाना में दर्ज हुई है। आज अशोकनगर में सपन का अंतिम संस्कार कर दिया गया।