मुकुल राय जल्द ही भाजपा में होंगे शामिल
मुकुल भाजपा का दामन थामने की अटकलों पर खामोश हैं। हालांकि उनके एक करीबी सहयोगी ने हाल में कहा था कि वह दीपावली के बाद भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
कोलकाता, [जागरण संवाददाता] । तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता मुकल राय पर भाजपा में ही ऊहापोह की स्थिति बनी हुई थी। इस सारे संशय पर रविवार को भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने लगभग विराम लगा दिया। माना जा रहा है कि जल्द ही मुकुल भाजपा का झंडा थाम सकते हैं।
इस बीच शनिवार को मुकुल को लेकर मंत्रणा के लिए भाजपा के दो केंद्रीय नेता पश्चिम बंगाल पहुंचे हैं, जिन्होंने रविवार को भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक की। इसमें मुकुल को शामिल करने को लेकर चर्चा की गई। सूत्रों के मुताबिक कैलाश विजयवर्गीय ने राज्य के नेताओं को संकेत दे दिए हैं कि मुकुल भाजपा में शामिल होंगे। प्रदेश भाजपा नेताओं को मुकुल के खिलाफ कुछ नहीं बोलने का निर्देश दिया गया है। इस बीच भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने रविवार को कहा कि एक-दो दिनों में मुकुल को भाजपा में शामिल करने को लेकर फैसला हो सकता है।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक मुकुल ने भाजपा में शामिल होने और राज्य में पार्टी के संगठन को विस्तार देने में मदद करने की इच्छा जाहिर की है। गौरतलब है कि भाजपा नेतृत्व का एक वर्ग मुकुल राय को पार्टी में शामिल करने को उत्सुक है, लेकिन उन पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप भगवा ब्रिगेड में दुविधा पैदा कर रही है। वहीं मुकुल भाजपा का दामन थामने की अटकलों पर खामोश हैं। हालांकि उनके एक करीबी सहयोगी ने हाल में कहा था कि वह दीपावली के बाद भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: बंगाल में अब कानफोड़ू पटखा जलाने वालों की खैर नहीं