राजनीतिक विकल्प चाहती है बंगाल की जनता: मुकुल
भाजपा में शामिल हुए मुकुल राय ने कहा है कि राज्य की जनता राजनीतिक विकल्प चाहती है और भाजपा ही पश्चिम बंगाल में सही विकल्प बनेगी।
कोलकाता, [राज्य ब्यूरो]। तृणमूल कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए मुकुल राय ने कहा है कि राज्य की जनता राजनीतिक विकल्प चाहती है और भाजपा ही पश्चिम बंगाल में सही विकल्प बनेगी।
पहली बार सोमवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पहुंचे मुकुल राय राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के साथ बैठक कर संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बीते दो सालों से यहां भाजपा कार्यकर्ता काफी मेहनत कर रहे हैं। वह भाजपा को बंगाल में राजनीतिक लक्ष्य तक के लक्ष्य तक पहुंचाने में मदद करेंगे।
राय ने कहा कि 2011 में पश्चिम बंगाल की जनता ने जिस उद्देश्य से राजनीतिक परिवर्तन किया था उसका लाभ उन्हें नहीं मिला। ममता बनर्जी सरकार का लाभ कुछ चंद लोगों को ही मिला है। अब बंगाल के लोग एक विकल्प की तलाश में हैं।
भाजपा वह विकल्प है जो भविष्य में पश्चिम बंगाल में शासन कर सकती है। भाजपा के आने से ही राज्य में लोकतांत्रिक माहौल कायम होगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा ने बीते दो सालों से बंगाल में काम किया है उससे कहा जा सकता है कि वह अपना लक्ष्य हासिल करने के बहुत करीब हैं। भविष्य में ओडि़शा में भी भाजपा का कब्जा होगा। उन्होंने दिलीप घोष को बंगाल का कैप्टन बताया और कहा कि हम सभी साथ मिलकर लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रयास करेंगे। दिल्ली में उनका कैप्टन अमित शाह है।
राय ने भाजपा को देश की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बताते हुए कहा कि पार्टी हिमाचल प्रदेश व गुजरात के आगामी चुनावों में भारी जीत दर्ज करेगी और भविष्य में बंगाल व ओडिशा पर कब्जा जमाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी कोई बंगाल का विकास चाहता है उसे भाजपा में शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बंगाल में वास्तविक तौर पर बदलाव नहीं हुआ है। मुकुल ने कहा कि वह हर किसी से अपील करते हैं कि जो भी बदलाव लाना चाहते है व बंगाल का विकास चाहता है उन्हें भाजपा में शामिल होना चाहिए।
दिलीप घोष ने कहा कि मुकुल के भाजपा में शामिल होने से राज्य की राजनीति में भूकंप पैदा हुआ है। वह तालाब से निकल कर समुद्र में पहुंच गए है। उनका स्वागत करने में उन्हें खुशी हो रही है।इससे पहले राय के समर्थकों सहित भाजपा कार्यकताओं की भीड़ दमदम हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करने के लिए जमा हुई थी। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में पार्टी की महिला मोर्चा ने मुकुल का स्वागत किया।
यह भी पढ़ें: ममता ने कहा- नोटबंदी एक आपदा है इसने अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया है