2021 में होगी तृणमूल की विदाई : मुकुल
जागरण संवाददाता, कोलकाता : वर्ष 2021 में तृणमूल कांग्रेस की बंगाल से विदाई हो जाएगी। हाल म
जागरण संवाददाता, कोलकाता : वर्ष 2021 में तृणमूल कांग्रेस की बंगाल से विदाई हो जाएगी। हाल में भाजपा का झंडा थामे मुकुल राय ने यह बात कही। वे गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली भी मौजूद थीं। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से संवाददाताओं के सवालों के जवाब दिए। मुकुल ने कहा कि भाजपा तृणमूल के लिए एक इंच जमीन भी नहीं छोड़ेगी। वर्ष 2018 के पंचायत चुनाव एवं 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा इस अनुपात में सीटें हासिल करेगी कि राज्य की सत्ता से तृणमूल कांग्रेस की विदाई हो जाएगी। राय ने कहा कि जनता ने हर क्षेत्र में विफल रही वाममोर्चा सरकार को हटाने के लिए विकल्प के रूप में तृणमूल कांग्रेस को चुना था। राज्य के लोगों का विश्वास था कि तृणमूल के सहारे परिवर्तन आएगा, लेकिन उसका उल्टा हो गया। आज राज्य में गणतंत्र नाम की चीज नहीं रह गई है। किसी भी विपक्षी दल को राजनीतिक स्थान नहीं मिल रहा है। मुकुल ने 10 नवंबर को धर्मतल्ला में आयोजित होने वाली भाजपा की जनसभा को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सभा में हिस्सा लेने के लिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सभा के लिए चले कार्यकर्ताओं को रास्ते में जगह-जगह बाधा पहुंचाई जा रही है। इस मौके पर राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली ने गुलदस्ता देकर मुकुल राय का स्वागत किया।