क्षतिपूर्ति दिलाने के बहाने पीड़िता से किया दुष्कर्म
जागरण संवाददाता कोलकाता दक्षिण 24 परगना जिले के बासंती थानांतर्गत उत्तर चुनाखाली के दासपाड़ा
जागरण संवाददाता, कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के बासंती थानांतर्गत उत्तर चुनाखाली के दासपाड़ा में भी चक्रवात बुलबुल पीड़िता को सरकारी मुआवजा दिलाने के नाम पर उससे दुष्कर्म किए जाने की घटना प्रकाश में आई है। इस बार भी पीड़िता ने सत्तारूढ़ तृणमूल के एक स्थानीय नेता पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उसका नाम दुर्गा दास है।
पीड़िता ने बताया कि चक्रवात बुलबुल में उसका मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया था। सरकार की ओर से चक्रवात में क्षतिग्रस्त मकानमालिकों को क्षतिपूर्ति देने की घोषणा की गई। पीडि़ता ने स्थानीय नेता दुर्गा से संपर्क किया। उसने क्षतिपूर्ति दिलाने का आश्वासन भी दिया। एक दिन महिला उसके पास क्षतिपूर्ति लेने पहुंची, तो उसने कहा कि पहले मकान के क्षतिपूर्ति का आंकलन होगा, उसके बाद क्षतिपूर्ति के रूप में तीन हजार रुपये की राहत राशि मिलेगी। वह महिला को अपनी मोटरसाइकिल पर बिठा कर झड़खाली स्थित एक बंगलों पर ले गया। कथित रूप से वहां दुर्गा ने जबरन महिला को शराब पिलाई। इसके बाद सिर पर बंदूक तान कर दुष्कर्म किया। यही नहीं दुष्कर्म की घटना किसी को बताने पर उसके पति और बेटे को गोली मारने की धमकी दी। तब पीड़िता डर के मारे चुप रही। लेकिन कुछ दिन बाद उसने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। मां की पहल पर पीड़िता थाने पहुंची और आरोपित दुर्गा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उधर, शिकायत दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब हो कि जिले के काकद्वीप थानांतर्गत नारायणपुर ग्राम पंचायत क्षेत्र में भी बुलबुल पीड़ित एक महिला को मुआवजा दिलाने का प्रलोभन देकर कार्यालय बुलाकर पंचायत प्रधान द्वारा दुष्कर्म की कोशिश किए जाने की घटना हो चुकी है। पीड़िता ने आरोपित पंचायत प्रधान चंद्रमोहन पाइक के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वह नारायणपुर ग्राम पंचायत का प्रधान है।