विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: मोहन भागवत ने संघ से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर दिया जोर, पदाधिकारियों के साथ दिनभर की बैठक

Published: Fri, 09 Oct 2026 11:34 PM (IST)

सरसंघचालक मोहन भागवत ने बर्द्धमान में आयोजित संगठनात्मक बैठक में स्वयंसेवकों से संघ को अधिक से अधिक लोगों से जोड़ने और उसे सर्वस्पर्शी बनाने का आह्वान किया।

मोहन भागवत ने संघ से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर दिया जोर (फाइल फोटो)

मोहन भागवत ने संघ से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर दिया जोर (फाइल फोटो)

HighLights

  1. संघ को अधिक से अधिक लोगों से जोड़ने का आह्वान।

  2. मोहन भागवत ने बर्द्धमान में संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता की।

  3. बंगाल में संघ के विस्तार और कार्ययोजना पर चर्चा हुई।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से समाज के अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और उनके मन को छूने की जरूरत है। संघ को और अधिक सर्वस्पर्शी बनाने के उद्देश्य से सरसंघचालक मोहन भागवत ने बंगाल प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार को पूर्व बर्द्धमान जिले के बर्द्धमान में आयोजित संगठनात्मक बैठक में स्वयंसेवकों और पदाधिकारियों को यह संदेश दिया।

बैठक में संगठन के विस्तार और आगामी एक वर्ष की कार्ययोजना सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

बर्द्धमान के उल्लास स्थित संघ के नए भवन में शुक्रवार सुबह से मध्य बंगाल, दक्षिण बंगाल और उत्तर बंगाल प्रांत के संगठनकर्ताओं के साथ दिनभर बैठक का दौर चला। दोपहर के भोजन के लिए थोड़े समय के विराम को छोड़कर भागवत ने देर शाम तक अलग-अलग सत्रों में तीनों प्रांतों के पदाधिकारियों के साथ गहन चर्चा की।

आरएसएस के क्षेत्र प्रचार प्रमुख जिष्णु बसु ने बताया कि बैठक में संघ परिवार के आंतरिक विषयों के साथ संगठन के विस्तार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। तीनों प्रांतों के स्वयंसेवकों ने सरसंघचालक का मार्गदर्शन प्राप्त किया।

शाखाओं की संख्या और आगामी कार्यक्रमों पर मंथन

संघ सूत्रों के अनुसार, बैठक में संगठनात्मक फेरबदल और विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। भागवत ने पूर्व बर्द्धमान जिले सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में संघ की शाखाओं की संख्या और संगठन की गतिविधियों से संबंधित जानकारी ली। इसके साथ ही अगले एक वर्ष के कार्यक्रमों और संगठन की भावी दिशा को लेकर मार्गदर्शन किया।

भागवत गुरुवार सुबह तीन दिवसीय बंगाल दौरे पर पहुंचे थे। गुरुवार शाम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी बर्द्धमान में उनसे शिष्टाचार भेंट की थी। दोनों के बीच एक घंटे से अधिक समय तक विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई थी। शनिवार को भागवत के बर्द्धमान से कोलकाता लौटने और यहां से ओडिशा के झारसुगुड़ा के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है।