मोदी या शाह डायमंड हार्बर से चुनाव लड़ें, जमानत होगी जब्त : अभिषेक
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और डायमंड हार्बर से सासद अभिषेक बनर्जी ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और डायमंड हार्बर से सासद अभिषेक बनर्जी ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है।
इसमें सबसे पहले उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि अगर आपकी हिम्मत है तो डायमंड हार्बर से चुनाव लड़कर जीतिए। आप नहीं जीत सकते तो दिल्ली से अपने दोनों पितामह को बुला लीजिए। हालाकि उन्होंने नरेंद्र मोदी भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का नाम नहीं लिया लेकिन उनका इशारा उन्हीं दोनों की ओर था और कहा कि दिल्ली से इन लोगों को कोलकाता बुला लीजिए। मेरी चुनौती है ये दोनों ही डायमंड हार्बर से चुनाव लड़कर देख लें।
दोनों की जमानत जब्त होगी और अगर नहीं हुई तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा और अगर आप लोगों की जमानत जब्त होती है तो आप लोगों को राजनीति छोड़नी होगी। अगर हिम्मत है तो मेरी चुनौती स्वीकार करिए। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री के भतीजे लगातार भारतीय जनता पार्टी को चुनौती देते रहे हैं। इसके पहले उन्होंने भाजपा की रथयात्रा रोकने की चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर ममता बनर्जी आदेश दें तो भाजपा की रथयात्रा रोक दी जाएगी। जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यहा तक कह दिया था कि अगर मुख्यमंत्री का आदेश हो तो बीजेपी का ब भी नहीं रहने देंगे।