मीका सिंह के घर लाखों रुपये और गहने की चोरी
मशहूर सिंगर मीका सिंह ने ओशिवारा पुलिस स्टेशन में अपने घर से पैसा और सोने चोरी होने का मामला दर्ज कराया है। मुंबई पुलिस मामला दर्ज़ कर आगे की जांच में जुट गई है।
मुंबई। मशहूर सिंगर मीका सिंह ने ओशिवारा पुलिस स्टेशन में अपने घर से पैसा और सोने चोरी होने का मामला दर्ज कराया है। मुंबई पुलिस मामला दर्ज़ कर आगे की जांच में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक मीका सिंह के यहां लगभग 3 लाख रुपये के करीब की चोरी हुई है।
जानकारी के मुताबिक मीका सिंह के मैनेजर ने पुलिस स्टेशन में जाकर इस बाबत मामला दर्ज़ कराया है। घटना रविवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। इसके साथ ही घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी खंगालने में भी जुटी है। ख़बर है कि सीसीटीवी फुटेज में मीका सिंह के घर पर एक व्यक्ति आते और जाते दिख रहा है। इस दिशा में जांच की जा रही है कि वो व्यक्ति कौन था? बता दें कि इस चोरी का आरोप एक पियानो आर्टिस्ट पर लगा है जो पिछले 14 सालों से मीका सिंह के साथ काम कर रहा है। कहा जा रहा है कि वो मीका से मिलने के बहाने घर में आया था।
‘सुबह होना ना दें' और 'आज की पार्टी' जैसे कई पॉपुलर गानें गा चुके सिंगर मीका सिंह 20 सालों से मनोरंजन जगत से जुड़े हुए हैं। मीका सिंह के अधिकतर गाने सुपर स्टार सलमान ख़ान पर ही फिल्माए गए हैं। मीका की जबरदस्त फैन फॉलोइंग भी है। वो ना सिर्फ बॉलीवुड में बल्कि पंजाबी सिनेमा में भी खासे लोकप्रिय हैं। भले ही मीका सिंगर दलेर मेहंदी के छोटे भाई हो लेकिन उन्होंने अपना एक अलग मुकाम बनाया है।