मेट्रो में फिर यात्री ने की खुदकशी की कोशिश, ट्रेन सेवा बाधित
जागरण संवाददाता कोलकाता लाख सतर्कता के बावजूद एक बार फिर रवींद्र सदन मेट्रो स्टेशन पर गुरुव
जागरण संवाददाता, कोलकाता : लाख सतर्कता के बावजूद एक बार फिर रवींद्र सदन मेट्रो स्टेशन पर गुरुवार की सुबह एक यात्री ने ट्रेन के सामने कूद कर खुदकशी की कोशिश की। हालांकि समय रहते मेट्रो रेल प्रबंधन ने बिजली आपूर्ति बंद कर दी। व्यक्ति को निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। उधर, खुदकशी की कोशिश के चलते ट्रेन सेवा बाधित हुई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक कवि सुभाष रूट की मेट्रो ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हुई थी। पर ट्रेन जैसे ही रवींद्र सदन पहुंची स्टेशन पर खड़ा एक यात्री उसके सामने कूद गया। ट्रेन चालक के तुरंत ब्रेक लगाया और बिजली आपूर्ति बंद की गई। काफी मशक्कत के बाद व्यक्ति को ट्रैक से बाहर निकल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, करीब आधे घंटे तक रवींद्र सदन मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया। इस कारण ट्रोनों को नोआपाड़ा से मैदान और महानायक उत्तम कुमार से कवि सुभाष तक ट्रेन सेवा चलाया गया। उधर, व्यक्ति द्वारा खुदकशी करने के कारण का पता नहीं चल सका है। मामला दर्ज कर व्यक्ति की पहचान और खुदकशी के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। गौरतलब हो कि आए दिन मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों द्वारा खुदकशी करने की घटनाएं प्रकाशित होती रहती है। बीते दिनों मेट्रो के दरवाजे में हाथ फंस जाने से भी एक व्यक्ति की मौत हुई थी। तब काफी हंगामा भी हुआ था।