पंचायत चुनाव की रणनीति पर मुकुल ने की चर्चा
जागरण संवाददाता, कोलकाता : त्रिपुरा में हुई जीत से बंगाल भाजपा में काफी उत्साह है। राज्य क
जागरण संवाददाता, कोलकाता : त्रिपुरा में हुई जीत से बंगाल भाजपा में काफी उत्साह है। राज्य की ग्राम पंचायतों पर कब्ज के लिए भाजपा ने मुकुल राय के नेतृत्व में रणनीति तैयार की है। इसके तहत मुकुल ने मंगलवार को पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ पहली बैठक की। इस दौरान पंचायत चुनाव का परिणाम अपने पक्ष में करने के लिए रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही मुकुल ने कार्यकर्ताओं के लिए दिशानिर्देश भी दिए। इस बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा, प्रदेश महासचिव सायंतन बसु, राजू बनर्जी तथा महिला मोर्चा की अध्यक्ष लॉकेट चटर्जी शामिल थीं। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने पंचायत चुनाव के संचालन के लिए पंचायत कमेटी गठित की है जिसकी जिम्मेवारी मुकुल राय को दी गई है। उन्हें इस कमेटी का संयोजक बनाया गया है। उसके साथ ही पूर्व विधायक शमिक भट्टाचार्य को सहायक संयोजक बनाया गया है। दिलीप घोष, राहुल सिन्हा एवं प्रदेश के महासचिवों के अलावा इस कमेटी में पूर्व के सदस्यों को भी शामिल किया गया है। तृणमूल कांग्रेस छोड़ कर आए मुकुल राय को भाजपा ने पहली बार पार्टी की जिम्मेवारी सौंपी है। पंचायत चुनाव के लिए उम्मीदवारों का चयन मुकुल राय ही करेंगे। उन्होंने उक्त कमेटी की प्रथम बैठक में पंचायत चुनाव के मद्देनजर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के कार्य बताए। कार्यकर्ताओं को 77 हजार 200 बूथों पर निर्णायक लड़ाई लड़ने को कहा। कार्यकर्ताओं को राज्य के सत्तारूढ़ दल की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज करने के साथ ही भाजपा के जनहित एवं विकास की नीतियों का जनता में प्रचार करने को कहा गया। भाजपा ने पंचायत चुनाव में अच्छे परिणाम हासिल कर लोकसभा चुनाव का लक्ष्य पूरा करने की रणनीति तय की है। इसलिए पार्टी ने अधिकाधिक ग्राम पंचायतों में अपने उम्मीदवार खड़े करने का निर्णय किया है। गौर हो कि पंचायत चुनाव के पहले स्थिति का जायजा लेने के लिए हाल ही में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्य के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय आए थे। इस दौरान उन्होंने जिलाध्यक्षों के कई महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए हैं।