कृषि में बंगाल पूरे विश्व में बनेगा नंबर वन : ममता
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल के किसान हमारा गर्व है। बंगाल कृषि में भारत ही नहीं, पूरे विश्व में नंबर वन बनेगा।
बर्द्धमान, [जागरण संवाददाता]। बर्द्धमान शहर के साधनपुर एग्रीकल्चर फार्म में मंगलवार से माटी उत्सव शुरू हुआ, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 72 परियोजनाओं का शिलान्यास व 15 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। वहीं 103 किसानों को बेहतर कार्य के लिए कृषि रत्न पुरस्कार दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल के किसान हमारा गर्व है। बंगाल कृषि में भारत ही नहीं, पूरे विश्व में नंबर वन बनेगा। इस बाबत राज्य सरकार की ओर से भी किसानों को सुविधाएं दी जा रही हैं। बंगाल की जनता कभी सिर नहीं झुकाती, किसी की धमकी सहन नहीं करती बल्कि सिर उठाकर चलती है। हमारे किसान ही हमारी संपदा हैं। हम बात कम और काम ज्यादा करते हैं। सरकार हमेशा किसानों के साथ है। यही वजह है कि बारिश में फसल खराब होने पर राज्य के 30 लाख किसानों को 1,200 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया। सिंगुर में किसानों को जमीन लौटाई गई, जहां फसलें लहलहा रही है। राज्य में 79 लाख किसानों को क्रेडिट कार्ड दिया गया है। बैंक किसानों को ऋण देने में आनाकारी करते हैं।
इस कारण सहकारी बैंक पर किसानों को ऋण देने के लिए जोर दिया जा रहा है। राज्य में 186 किसान बाजार खोले गए हैं। हमलोग 14 मार्च का किसान दिवस के रूप में पालन करते हैं। किसानों से सीधे फसल खरीदने के लिए 361 खरीद केंद्र खोले गए हैं। किसानों के लिए 'बांग्ला फसल बीमा योजना' शुरू की गई है। किसानों के कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। पूरे देश में केवल बंगाल में ही खेती जमीन पर मालगुजारी नहीं ली जाती है।
राज्य सरकार किसान व खेती को बढ़ावा देना चाहती है। किसान ठीक रहेंगे तो हम ठीक रहेंगे और राज्य की जनता ठीक रहेगी। माटी उत्सव का मतलब मिट्टी, जमीन व किसान से प्रेम है।
....................