बंगाल प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए तैयार : ममता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए तैयार है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए तैयार है। जिलों में पहले से ही बाढ़ आश्रय गृहों और राहत शिविरों का निर्माण किया जा चुका है। ममता ने शनिवार को ट्वीट कर कहा-'आज अंतर्राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस है। प्राकृतिक आपदाएं आने के बारे में राज्य के लोगों को सतर्क करने के लिए हमारी सरकार ने एसएमएस आधारित त्वरित चेतावनी प्रणाली तैयार की है। जिलों, अनुमंडलों और प्रखंड स्तरों पर बाढ़ आश्रय गृहों और राहत गोदामों का भी निर्माण किया गया है।' उल्लेखनीय है कि आपदा रोकथाम, शमन और तैयारी के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए इस दिन दुनिया भर में आपदा न्यूनीकरण के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है।