ममता ने भरी हुंकार दिल्ली को बदल डालो...
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने मंच से ही भाजपा के खिलाफ हुंकार भरते हुए दिल्ली को बदल डालो.. का नारा दिया।
आसनसोल, जागरण संवाददाता। पश्चिम बर्द्धमान जिले में करोड़ों की सरकारी योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करने आई पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने मंच से ही भाजपा के खिलाफ हुंकार भरते हुए दिल्ली को बदल डालो.. का नारा दिया। मुख्यमंत्री ने भाजपा को दंगा और गुंडागर्दी करने वाला बताया। कहा कि भाजपा को कोई काम करना नहीं आता, ये डूबता हुआ तारा है।
गुरुवार को आसनसोल के निकट श्रीपुर स्टेडियम में अपार जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल में लोगों को एकसाथ जोड़कर जनहित को प्राथमिकता दी जाती है। चुनाव के लिए हिंदी- बंगला का बंटवारा हम कभी नहीं करते।
सीएम ने कहा कि भाजपा असम से बंगालियों को और गुजरात से बिहारियों को भगा रही है। लेकिन बंगाल से किसी को नहीं भगाया जाएगा, सब साथ रहेंगे। कहा कि बंगाल की बेहतरी के लिए झारखंड की राजनीति में भी हमारी मजबूत दखल जरुरी है। कहाकि धंसान प्रभावित लोगों की जान बचाने के लिए ये पुनर्वास जरुरी है। लेकिन धंसान प्रभावित लोगों के पुनर्वास में भाजपा- कांग्रेस व माकपा बाधक बनी है। जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि पुनर्वास जल्द प्रदान करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने आसनसोल को जिला से लेकर विश्वविद्यालय, अस्पताल, हिंदी कॉलेज समेत बहुत कुछ सुविधाएं प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए बडी राहत की घोषणा करते हुए कहा कि अब राज्य के किसानों को कृषि भूमि के लिए टैक्स नहीं देना होगा।
कृषि भूमि का दाखिल- खारिज भी मुफ्त किया जाएगा। सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 1.70 लाख अल्पसंख्यकों को स्कॉलरशिप प्रदान कर बंगाल देश भर में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि अब कॉलेज व विवि की छात्रओं को भी के थ्री के तहत कन्याश्री का लाभ मिलेगा। उन्होंने जनसमुदाय से कहा कि बंगाल की माटी पर गर्व करें। मंच से ही सीएम ममता बनर्जी ने 23 योजनाओं का उद्घाटन तथा 29 योजनाओं का शिलान्यास किया। वहीं इस दौरान 15 योजनाओं के तहत 5747 लाभुकों को सहायता प्रदान की गयी।
इससे पहले स्वागत भाषण जिला शासक शशांक सेठी ने दिया। मंच पर राज्य के श्रम, कानून व पीएचई मंत्री मलय घटक, खेल व युवा कल्याण मंत्री अरूप विश्वास और सूचना व संस्कृति मंत्री इंद्रनील सेन, मेयर जितेन्द्र तिवारी, विधायक तापस बनर्जी, विधायक विधान उपाध्याय, सीपी एलएन मीणा, तृकां जिलाध्यक्ष वी शिवदासन दासू मुख्य रुप से उपस्थित थे।