कन्याश्री से 60 लाख बच्चियां हुई लाभान्वित : ममता
जागरण संवाददाता कोलकाता अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
जागरण संवाददाता, कोलकाता : अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया है कि उनके द्वारा शुरू की गई महत्वाकांक्षी परियोजना कन्याश्री के अनुदान से 60 लाख बच्चियां लाभान्वित हुई हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री द्वारा किए गए ट्वीट इसमें उन्होंने लिखा कि आज अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस है। बंगाल सरकार ने 2013 में कन्याश्री परियोजना शुरू की थी। इसकी सफलता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 2017 में संयुक्त राष्ट्र संघ ने योजना को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया था। स्कूल से लेकर विश्वविद्यालयों तक में छात्राओं को स्वावलंबी बनाने में कन्याश्री योजना सहायक हुई है।
अपने दूसरे ट्वीट में मुख्यमंत्री ने लिखा, बंगाल में इस योजना का लाभ 60 लाख छात्राओं को मिला है। योजना की शुरुआत से लेकर 2019 के जनवरी महीने तक इसके लिए राज्य सरकार ने कुल सात हजार करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की है। इसके अलावा बंगाल सरकार नदिया जिले में कन्याश्री विश्वविद्यालय की स्थापना कर रही है। इसी के साथ प्रत्येक जिले में कन्याश्री कॉलेज भी बनाए जाएंगे।
बता दें कि कन्याश्री प्रकल्प के अंतर्गत लड़कियों को उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करने, बाल विवाह की घटनाओं को कम करने और वित्तीय रूप से उन्हें सक्षम बनाने के लिए सशर्त नकद हस्तांतरण दिए जाते हैं।