फुटबॉल प्लेयर या बैट... किस चिह्न पर चुनाव लड़ेंगी ममता दीदी? EC के एक्शन के बाद दोनों गुटों ने सौंपे नए नाम और सिंबल
तृणमूल कांग्रेस के आंतरिक विवाद के चलते, चुनाव आयोग के निर्देश पर दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों ने अपने नए वैकल्पिक नाम और चुनाव चिह्न सौंपे हैं।

ममता बनर्जी और ऋतब्रत बनर्जी(फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रहे अंदरूनी विवाद के बीच चुनाव आयोग के कड़े रुख को देखते हुए दोनों प्रतिद्वंद्वी धड़ों 'ममता-तृणमूल' और ऋतब्रत-तृणमूल' ने आयोग के समक्ष अपने-अपने नए वैकल्पिक नामों और चुनाव चिह्नों की सूची जमा करा दी है।
आयोग ने दोनों पक्षों को सुबह 11 बजे तक 3-3 वैकल्पिक नाम और 'फ्री सिंबल' जमा करने का स्पष्ट निर्देश दिया था। 'कालीघाट-तृणमूल' गुट ने आयोग को ईमेल के जरिए तीन नाम प्रस्तावित किए हैं, जिनमें 'ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस', 'ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ममता' और 'तृणमूल ममता कांग्रेस' शामिल हैं।
दोनों धड़ों ने अपने-अपने पसंदीदा नाम और प्रतीकों की सूची भेजी
प्रतीकों के तौर पर उन्होंने 'फुटबॉल खिलाड़ी' और 'बल्ला' को अपनी वरीयता बताया है। इसके साथ ही, इस गुट ने पारंपरिक चुनाव चिह्न 'जोड़ा फूल' को फ्रीज करने के आयोग के फैसले पर अपनी कड़ी आपत्ति भी दर्ज कराई है।
दूसरी ओर, 'ऋतब्रत-तृणमूल' गुट ने दो वैकल्पिक नामों 'राष्ट्रवादी तृणमूल कांग्रेस' और 'लोकतांत्रिक तृणमूल कांग्रेस' का प्रस्ताव भेजा है। प्रतीकों के मामले में इस गुट ने फ्री सिंबल की सूची में से 'ब्लैकबोर्ड', 'लिफाफा' और 'टार्च' जैसे विकल्पों का चयन किया है।
चुनाव आयोग के इस कदम के बाद अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आयोग दोनों गुटों को किस नाम और चिह्न के साथ चुनावी मैदान में उतरने की अनुमति देता है।
यह भी पढ़ें- क्या ममता बनर्जी की टीएमसी का बदलेगा नाम और निशान? EC के एक्शन के बाद सौंपे तीन नए नाम और सिंबल
यह भी पढ़ें- 'वोट चोरी, सरकार चोरी और अब पार्टी चोरी'; टीएमसी का नाम और सिंबल फ्रीज करने पर राहुल का EC पर हमला
