यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जबरदस्त जीत- बंगाल विस उपचुनावों में 'ममता मैजिक' बरकरार, तृणमूल ने बड़े अंतर से जीतीं चारों सीटें
West Bengal By Election Result 2021 भाजपा से छीनी दिनहाटा और शांतिपुर सीटें. खड़दह और गोसाबा सीटों पर बरकरार रखा ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। West Bengal By Election Result 2021 पिछले बंगाल विधानसभा (विस) चुनाव में बहुमत की हैट्रिक के बाद उपचुनावों में भी 'ममता मैजिक' बरकरार है। ममता की अगुआई वाली तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल की चार विधानसभा सीटों दिनहाटा, शांतिपुर, खड़दह और गोसाबा में बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। इनमें से दो सीटें दिनहाटा और शांतिपुर तृणमूल ने महज छह महीने के अंदर भाजपा से छीन ली है। मुख्यमंत्री व तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए इसे जनता की जीत करार दिया। ममता ने ट्वीट कर कहा कि जनता ने नफरत की राजनीति को नकार दिया और विकास की राजनीति का समर्थन किया है।
भाजपा ने महज छह महीने में खो दी दो सीटें
दिनहाटा से भाजपा सांसद निशिथ प्रमाणिक ने पिछला विस चुनाव लड़ा व जीता था। उन्होंने कांटे की टक्कर में तृणमूल के उदयन गुहा को महज 57 वोटों के अंतर से हराया था, वहीं शांतिपुर में भाजपा के एक और सांसद जगन्नाथ सरकार ने तृणमूल के अजय दे को 15,878 वोटों से हराया था। विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद दोनों ने सांसद बने रहने के लिए विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके कारण वहां उपचुनाव कराया गया था। इस बार उदयन गुहा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के अशोक मंडल को 1,64,089 वोटों के रिकार्ड अंतर से हराया। उदयन गुहा को 1,89,575 वोट मिले जबकि अशोक मंडल की झोली में सिर्फ 25,486 वोट आए। वहीं शांतिपुर में तृणमूल के ब्रजकिशोर गोस्वामी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के निरंजन बिश्वास को 63,892 वोटों से हराया।
खड़दह में जीते मंत्री शोभनदेव चट्टोपाध्याय
खड़दह में तृणमूल के काजल सिन्हा ने पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा था। नतीजे की घोषणा होने से पहले ही कोरोना की चपेट में आने से उनका निधन हो गया था। नतीजे आने पर उनकी जीत हुई थी। तृणमूल ने इस सीट पर राज्य के मंत्री व पार्टी के कद्दावर नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय को उतारा था, जिन्होंने कोलकाता की भवानीपुर सीट से पिछला विधानसभा चुनाव जीता था।
मुख्यमंत्री व पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के उस सीट से उपचुनाव लड़ने की खातिर उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा देकर यहां से चुनाव लड़ा था। शोभनदेव ने यहां 93,832 वोटों से जीत दर्ज की। गोसाबा में तृणमूल के जयंत सरकार ने पिछला चुनाव जीता था। उनका भी कोरोना से निधन हो गया। तृणमूल ने विस उपचुनाव में यहां सुब्रत मंडल को टिकट दिया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के पलाश राहा को 1,43,051 वोटों से हराया। सुब्रत मंडल को 1,61,474 जबकि पलाश राहा को सिर्फ 18,423 वोट मिले।
