विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 27, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नंदीग्राम सीट को जीतने के लिए कई रैलियां-रोड शो करेंगी ममता, अमित शाह व मिथुन संभालेंगे भाजपा का मोर्चा

By Vijay KumarEdited By:
Published: Sat, 27 Mar 2021 07:38 PM (IST)

बंगाल विधानसभा चुनाव में सबसे हॉट सीट बन चुकी नंदीग्राम सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस व भाजपा के लिए नाक की लड़ाई ...और पढ़ें

हॉट सीट बन चुकी नंदीग्राम, सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस व भाजपा के लिए नाक की लड़ाई बन चुकी है
हॉट सीट बन चुकी नंदीग्राम, सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस व भाजपा के लिए नाक की लड़ाई बन चुकी है

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल विधानसभा चुनाव में सबसे हॉट सीट बन चुकी नंदीग्राम, सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस व भाजपा के लिए नाक की लड़ाई बन चुकी है। इस सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी आमने-सामने हैं।

नंदीग्राम में दूसरे चरण में एक अप्रैल को वोटिंग होनी है। नंदीग्राम सीट को अपने कब्जे में करने के लिए दोनों ही दलों ने पूरी ताकत झोंक रखी है। इस बीच अब खुद ममता बनर्जी रविवार से अगले पांच दिनों तक नंदीग्राम में कैंप करेंगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, एक अप्रैल को मतदान होने तक ममता वहीं रहकर निगरानी करेंगी। ममता 28 मार्च, रविवार को नंदीग्राम पहुंचेंगी। यहां उनकी कई रैलियां व रोड शो होना हैं।

भाजपा ने भी की है बड़ी तैयारी, शाह व मिथुन संभालेंगे मोर्चा

इधर, भाजपा ने भी इस सीट पर जीत के लिए बड़ी तैयारी की है और सभी बड़े नेताओं का यहां आना-जाना लगा हैं। अगले दो दिनों के भीतर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और हाल ही में पार्टी में शामिल हुए दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती का नंदीग्राम में रोड शो होना है। इससे पहले हाल में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी नंदीग्राम में रैली की थी। इसके अलावा नंदीग्राम से सटे कांथी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 मार्च को रैली की थी। इसमें सुवेंदु अधिकारी भी पीएम के मंच पर मौजूद थे।

इधर, ममता लगातार अपनी जनसभाओं में आरोप लगाती रही हैं कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए बंगाल में बाहर से गुंडे लेकर आई है ताकि वोटरों को डरा धमकाकर उन्हें अपने पाले में किया जा सके। चूंकि नंदीग्राम विधानसभा सीट पर कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी का दबदबा बताया जाता है, इसलिए यहां को लेकर ममता पहले से ही सर्तक हैं। तृणमूल ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी भाजपा की प्रत्येक गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के लिए कहा है।