ममता ने चिदंबरम की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल, कहा-सीबीआइ की हरकत दुखद Kolkata News
Mamata Banerjee. चिदंबरम की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए ममता ने कहा कि कानून अपनी राह पर चलेगा लेकिन जिस तरीके से उन्हें गिरफ्तार किया गया वह ठीक नहीं है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आइएनएक्स मीडिया घोटाले में गिरफ्तार पूर्व केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम का खुलकर समर्थन किया है। पूर्व मेदिनीपुर जिले के तीन दिवसीय दौरे के आखिरी दिन गुरुवार को हेलीकॉप्टर से दीघा से कोलकाता के लिए रवाना पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की न्यायिक व्यवस्था अपनी स्थिति पर आंसू बहा रही है। केंद्रीय एजेंसियां राजनीतिक पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर काम कर रही हैं।
चिदंबरम की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए ममता ने कहा-'कानून अपनी राह पर चलेगा लेकिन जिस तरीके से उन्हें गिरफ्तार किया गया, वह ठीक नहीं है। कानूनी मामले पर मुझे कुछ कहना नहीं है लेकिन चिदंबरम जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री को गिरफ्तार करने के लिए जो तरीके अपनाए गए, वह किसी भी रूप में तर्कसंगत नहीं हैं। यह तरीका बैड और सैड है।
सीबीआइ अधिकारियों की हरकत दुखद और हताशा का परिचायक है। इस मामले पर जिस तरीके से कार्रवाई की जा रही है, उससे लोकतंत्र रो रहा है। विपक्षी दलों के नेताओं को जान-बूझकर उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से परेशान किया जा रहा है। केंद्र सरकार पर बरसते हुए ममता ने कहा कि सरकार को इस तरह के प्रयास से बचना चाहिए।