विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'महिला आरक्षण बिल का समर्थन, लेकिन परिसीमन के नाम पर साजिश मंजूर नहीं', बोलीं ममता बनर्जी

Published: Fri, 17 Apr 2026 11:46 PM (IST)

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया, लेकिन परिसीमन के नाम पर किसी भी साजिश का कड़ा ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री व तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी

मुख्यमंत्री व तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मुख्यमंत्री व तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शुक्रवार को केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण बिल का समर्थन करती है, लेकिन इसके साथ परिसीमन (डिलिमिटेशन) के नाम पर साजिश मंजूर नहीं है। ममता ने कहा कि परिसीमन के किसी भी प्रयास का वह कड़ा विरोध करेगी।

उत्तर बंगाल से लौटकर मुख्यमंत्री ने शाम को कोलकाता के पास दमदम के सेंट्रल जेल मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया। कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए ईडी, सीबीआइ और आयकर विभाग का दुरुपयोग कर रही है।

कोलकाता की रासबिहारी सीट से तृणमूल उम्मीदवार व निवर्तमान विधायक देवाशीष कुमार के ठिकानों पर वित्तीय अनियमितता के मामले में आयकर विभाग द्वारा शुक्रवार को की गई छापेमारी का भी जिक्र किया। कहा कि उम्मीदवारों को प्रचार से रोकने के लिए यह सब किया जा रहा है।

चुनावी प्रक्रिया के बीच केंद्रीय एजेंसियों के हस्तक्षेप को उन्होंने लोकतंत्र का अपमान बताया। ममता ने कहा-'मैंने सात बार सांसद और कई बार केंद्रीय मंत्री के रूप में काम किया है, लेकिन देश में ऐसा माहौल कभी नहीं देखा। चुनाव लोकतंत्र का उत्सव होना चाहिए, लेकिन भाजपा ने इसे अत्याचार का उत्सव बना दिया है।'

ममता ने अपने कार्यकर्ताओं और पार्षदों को सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि एजेंसियां किसी के भी घर पहुंच सकती हैं, लेकिन सिर झुकाने की जरूरत नहीं है। भाजपा सीधे चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं रखती, इसलिए एजेंसियों के पीछे छिप रही है।