विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बंगाल में अशांत माहौल बना रही भाजपा सरकार', ममता बनर्जी ने साधा निशाना; ज्ञानेश कुमार को बताया डाकू

Published: Fri, 02 Oct 2026 09:10 PM (IST)

ममता बनर्जी ने भाजपा सरकार पर बंगाल में अशांति फैलाने का आरोप लगाया और 2021 के विधानसभा चुनाव में धांधली के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा।

ममता बनर्जी का बंगाल सरकार पर बड़ा आरोप (फाइल फोटो)

ममता बनर्जी का बंगाल सरकार पर बड़ा आरोप (फाइल फोटो)

HighLights

  1. ममता ने भाजपा सरकार पर बंगाल में अशांत माहौल बनाने का आरोप लगाया।

  2. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाया।

  3. लाखों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का दावा किया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को भाजपा नीत सरकार पर राज्य में अशांत माहौल पैदा करने का आरोप लगाया और इस साल अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की हार के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इस सरकार के महज चार महीने में लोग उत्पाती गिरोहों के हाथों अत्याचार झेल रहे हैं। निर्वाचन आयोग पर पक्षपात करने का लगातार आरोप लगाती रहीं ममता ने दावा किया कि बिहार, हरियाणा और मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों में भी वोट लूटे गए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार सुनिश्चित करने के लिए जानबूझकर लाखों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए।

नए इंटरनेट मीडिया चैनल की शुरुआत के मौके पर ममता ने कहा कि 2021 के चुनाव में जिन विधानसभा क्षेत्रों में हम एक लाख मतों के अंतर से जीते थे, उनमें से प्रत्येक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान करीब छह लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए।

ममता ने दावा किया कि 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले एक साल की अवधि में ज्ञानेश कुमार और मुख्य साजिशकर्ताओं ने साफ्टवेयर का गैर-कानूनी तरीके से इस्तेमाल करके वोट की हेराफेरी की। ममता ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार को डाकू करार देते हुए उन्हें तत्काल पद से हटाने की मांग की।

मालूम हो कि दो दिन पहले 30 सितंबर को नई दिल्ली में विपक्षी आइएनडीआइ गठबंधन के नेताओं के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में ममता ने मध्यप्रदेश, हरियाणा, बिहार और बंगाल में वोट चोरी का मुद्दा उठाया था और 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान कथित चुनावी हेरफेर को लेकर चिंता जताई।

ममता ने शुक्रवार को पुलिस के सत्तारूढ़ दल के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सही है कि उन्हें कुछ हद तक सत्तारूढ़ दल की बात माननी पड़ती है, लेकिन इसकी भी एक सीमा होनी चाहिए।

ममता ने यह आरोप भी फिर से दोहराया कि सत्तारूढ़ दल से जुड़े कुछ बाहरी लोग बंगाल में अशांति पैदा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार लोगों को पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित कर रही है।