अब ट्रेनों की गति में होगी काफी वृद्धि, इससे यात्रा के समय में काफी कमी आएगी
रेल राज्यमंत्री राजेन गोहेन ने कहा 2022 तक फ्रेट ट्रेनों की औसत गति को दोगुना करने पर विचार चल रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से आने वाले दिनों में सभी ट्रेनें एलएचबी कोच से लैस होंगी।
हावड़ा, जागरण संवाददाता। भारतीय रेलवे में लंबी दूरी की ट्रेनों की गति में वृद्धि किए जाने पर काम चल रहा है। वर्ष 2022 तक ट्रेनों की गति में 25 किमी प्रति घंटे का इजाफा हो जाएगा। इससे यात्रा के समय में भी काफी कमी आएगी।
हावड़ा में सांतरागाछी-चेन्नई सेंट्रल सुपर फास्ट साप्ताहिक अन्त्योदय एक्सप्रेस के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे रेल राज्यमंत्री राजेन गोहेन ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि ट्रेनों की गति बढ़ाए जाने के लिए रेल पटरियों को दुरुस्त करने का काम तेजी से चल रहा है। 2022 तक भारतीय रेलवे में अनमेंड गेटों को बंद करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में दिल्ली में जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों के साथ हुई बैठक में ट्रेनों की गति कैसे बढ़ाई जाए इस पर चर्चा की गई थी। कहा गया था कि प्रति वर्ष ट्रेनों की गति में 5 किमी प्रति घंटे का इजाफा किया जाए। साथ ही 2022 तक लंबी दूरी की ट्रेनों में 25 किमी प्रति घंटे बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया था। गति बढ़ने से यात्री एक निश्चित समय पर अपने गंतव्य में पहुंच जाएंगे।
गोहेन ने बताया कि गत 4 वर्षो में रेलवे ने काफी तरक्की की है। लेकिन रेलवे में और परिवर्तन होना चाहिए। ट्रेनों के कोचों को मार्डन किया जा रहा है।
सुरक्षा की दृष्टि से आने वाले दिनों में सभी ट्रेनें एलएचबी कोच से लैस होंगी। उन्होंने कहा कि 2022 तक फ्रेट ट्रेनों की औसत गति को दोगुना करने पर विचार चल रहा है।