Election 2024: केंद्रीय बलों के जवानों को बंगाल में मिलेगी फ्री मेडिकल सुविधाएं, चुनाव आयोग के कहने पर सरकार राजी
बंगाल प्रशासन लोकसभा चुनाव की ड्यूटी करने आने वाले केंद्रीय बलों के सभी जवानों को मुफ्त चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करेगा। इसके लिए उन्हें राज्य सरकार की कैशलेस मेडिकल ट्रीटमेंट स्कीम के दायरे में लाया जाएगा। चुनावी ड्यूटी के समय केंद्रीय बलों के जवानों के बीमार पड़ने घायल होने अथवा किसी दुर्घटना का शिकार होने पर उनका मुफ्त इलाज कराया जाएगा। इसमें आने वाला सारा खर्च बंगाल प्रशासन वहन करेगा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल प्रशासन लोकसभा चुनाव की ड्यूटी करने आने वाले केंद्रीय बलों के सभी जवानों को मुफ्त चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करेगा। इसके लिए उन्हें राज्य सरकार की 'कैशलेस मेडिकल ट्रीटमेंट स्कीम' के दायरे में लाया जाएगा। चुनावी ड्यूटी के समय केंद्रीय बलों के जवानों के बीमार पड़ने, घायल होने अथवा किसी दुर्घटना का शिकार होने पर उनका मुफ्त इलाज कराया जाएगा। इसमें आने वाला सारा खर्च बंगाल प्रशासन वहन करेगा।
चुनावी ड्यूटी करने वाले सरकारी कर्मचारियों को पहले से ये सुविधाएं मिलती आ रही हैं। मालूम हो कि प्रचंड गर्मी में ड्यूटी के दौरान कुछ चुनावकर्मी व सुरक्षाकर्मी अस्वस्थ हो जाते हैं। वहीं हिंसक घटनाओं के कारण भी कुछ सुरक्षाकर्मी जख्मी हो जाते हैं। उनके इलाज में आने वाला खर्च कौन वहन करेगा, इसे लेकर अनिश्चितता की स्थिति रहती है।
सरकार ने मृत जवानों के परिजनों को क्षतिपूर्ति राशि देनी शुरू की
बंगाल प्रशासन के इस कदम से यह उलझन दूर होगी। गौर करने वाली बात यह है कि बंगाल सरकार कभी भी राज्य में केंद्रीय बलों की सुरक्षा में मतदान कराने के पक्ष में नहीं रहा है। राज्य प्रशासन ने इसके साथ ही 2019 के लोकसभा चुनाव व 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव में ड्यूटी करते वक्त मारे गए जवानों के स्वजनों को क्षतिपूर्ति राशि देनी भी शुरू कर दी है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बंगाल प्रशासन के साथ की थी बैठक
राज्य सचिवालय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने इसे लेकर पिछले महीने बंगाल प्रशासन के साथ बैठक की थी, जिसके बाद यह कदम उठाया गया है। कोरोना के कारण मारे गए सुरक्षाकर्मियों को 30 लाख एवं अशांति व दुर्घटनाओं की वजह से मौत के मामले में 15 लाख रुपये दिए जा रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।