लेकटाउन में वृद्धा से अश्लील हरकत
जागरण संवाददाता, कोलकाता : लेकटाउन थानांतर्गत पातीपुकुर राजडांगा द्वितीय बाइ लेन में एक युवक द्वारा
जागरण संवाददाता, कोलकाता : लेकटाउन थानांतर्गत पातीपुकुर राजडांगा द्वितीय बाइ लेन में एक युवक द्वारा वृद्धा से अश्लील हरकत करने की घटना प्रकाश में आई है। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। लोगों ने पुलिस पर आरोपित विश्वजीत दलुई (32) नामक युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं करने और आरोपित को गिरफ्तार करने के बजाय स्थानीय सोना राय नामक अन्य युवक को गिरफ्तार करने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गत बुधवार रात राजडांगा द्वितीय बाइ लेन में रहने वाली 62 वर्षीया वृद्धा शौचालय जाने के लिए घर से निकली थी। तभी विश्वजीत वहां पहुंच गया और वृद्धा को पीछे से पकड़ किया और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। वृद्धा ने शोर मचाया तो वह भाग खड़ा हुआ। अगले दिन यानी गुरुवार सुबह वृद्धा ने स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी। उसी रात फिर विश्वजीत इलाके में पहुंचा और लोगों को गालियां और धमकियां देने लगा। लोगों ने इसकी सूचना थाने में दी। कुछ देर बाद पुलिस पहुंची और विश्वजीत के खिलाफ शिकायत सुनने या मामला दर्ज करने के बजाय सोना नामक स्थानीय युवक को पकड़कर थाने ले गई। इससे नाराज लोगों ने थाने के समक्ष प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि आरोपित के तृणमूल के एक स्थानीय नेता का करीबी होने के कारण पुलिस उसके खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं कर रही है।